यह सरकार बिहार की जनता की है, हम आपके सेवक हैं: सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार
युवा तुर्क, नई दिल्ली/पटना
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दावा किया है कि पिछले 100 दिनों में उन्होंने 11464 करोड़ की लागत की 2476 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्धाटन किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को अपनी सरकार के सेवा, संकल्प और समर्पण के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर बीआईटी मेसरा, पटना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुये।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 100 दिनों में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, आधारभूत संरचना और सुशासन के क्षेत्र में लिया गया ऐतिहासिक निर्णय, राज्य के समग्र विकास को नई गति मिली।
जनता के सहयोग और विश्वास से समृद्ध बिहार का संकल्प अवश्य साकार होगा तथा आने वाले वर्षों में बिहार देश के विकास, निवेश, रोजगार, नवाचार और औद्योगिक प्रगति का अग्रणी इंजन बनकर उभरेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिये हमलोग संकल्पित होकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार ने विकास की नई गति प्राप्त की है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, निवेश और आधुनिक आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लेकर विकसित बिहार की मजबूत नींव रखी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राज्य के विकास के लिए 11,464 करोड़ रुपये की लागत से 2,476 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है।
इन परियोजनाओं के माध्यम से सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, उद्योग, पेयजल तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और राज्य के संतुलित एवं समग्र विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुखिया से लेकर मुख्यमंत्री तक जो भी लोगों से मिलते थे उनके आवदेन में एक ही तरह की समस्यायें रहती थीं।
लोगों की समस्याओं के निदान को लेकर सभी 534 प्रखंडों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सहयोग शिविर में अबतक 7 लाख आवेदन आएं हैं, जिनमें से करीब 90 प्रतिशत का निष्पादन किया जा चुका है।
अब तक सिर्फ 4 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तीसरा नोटिस देने की नौबत आयी है। प्रखंडों में लगने वाले सहयोग शिविर में जिन मामलों का निष्पादन तो होता है लेकिन जो आवेदक निर्णय से असंतुष्ट होते हैं, उनके समाधान को लेकर मैं स्वयं हर महीने के दूसरे मंगलवार को पटना में राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम में सुनवाई कर उसका निष्पादन करता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी से लेकर अब तक राज्य में सिर्फ 278 डिग्री कॉलेज थे। बीते दिनों हमलोगों ने एक ही दिन में राज्य में 211 डिग्री कॉलेज की शुरूआत की। 551 स्कूलों को मॉडल स्कूल बनाया गया है। राज्य में 60-70 के दशक में सिर्फ पटना के कंकड़बाग में टाउनशिप विकसित किया गया था।
हमलोगों ने राज्य में 12 टाउनशिप विकसित करने का निर्णय लिया है, इस पर तेजी से काम चल रहा है।
पुराने गौरवशाली इतिहास को फिर से स्थापित करने को लेकर सरकार काम कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ० श्रीकृष्ण सिंह जी ने बिहार के विकास की शुरुआत की, भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी ने सामाजिक न्याय को लेकर कार्य किया, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने विकास की नींव को मजबूत किया है। अब हमलोगों को बिहार को समृद्ध राज्य बनाना है।
प्रत्येक जिले में 1-1 उद्योग लगाने को लेकर हमलोगों को काम करना है। 20 नवंबर तक 5 लाख करोड़ के इनवेस्टमेंट बिहार में लाना है। बिहार में पी०पी०पी० मोड पर सड़क, इंडस्ट्रीज और मेडिकल कॉलेज भी बनाया जायेगा।
पटना में 26 किलोमीटर का मरिन ड्राइव बनाया गया है। अगले 3 वर्षों में बिहार में करीब 200 किलोमीटर का मरीन ड्राइव बनाया जायेगा। इस पर करीब 1 लाख करोड़ का इन्वेस्टमेंट आयेगा। अगले 5 वर्षों में 25 चीनी मिलें बिहार में शुरु की जायेगी।
वैशाली के राजापाकर में इंडस्ट्रीज और इलेक्ट्रॉनिक्स पार्क का निर्माण किया जायेगा, इसमें करीब 20 हजार से 30 हजार करोड़ का इनवेस्टमेंट आयेगा और करीब 1 लाख नौजवानों को रोजगार मिलेगा।
आई०एम०सी० (इंटीग्रेटेड मैन्यूफैक्चिरिंग क्लस्टर) गया परिसर में करीब 3000 एकड़ में डेडिकेटेड स्टील प्लांट हब बनाया जायेगा। अभियान चलाकर एक करोड़ लोगों को राशन कार्ड से जोड़ा जायेगा। गंडक और कोसी नदी के किनारे कॉरिडोर बनाया जायेगा। पटना में जीविका टावर का निर्माण महिला सशक्तिकरण एवं स्वयं सहायता समूहों के लिए एक आधुनिक केंद्र के रूप में किया जाएगा।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: यूपी की 50 हजार बेटियों को मिलेगी स्कूटी, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी

