अपना दल एस के युवा नेता आकाश पटेल ने बलिया डीएम व परिवहन मंत्री को सौंपा पत्रक
युवा तुर्क, बलिया
लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा जनपद बलिया में स्थापित कराने की मांग को लेकर अपना दल (एस) श्रमिक मंच के प्रदेश सचिव एवं व्यापारी नेता आकाश पटेल ने जिलाधिकारी बलिया तथा उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री को पत्रक सौंपा।

पत्रक के माध्यम से मांग की गई कि सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा जिला कलेक्ट्रेट परिसर, शहीद पार्क अथवा जनपद के किसी अन्य उपयुक्त सार्वजनिक स्थल पर स्थापित कराई जाए।
इस अवसर पर आकाश पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण में अविस्मरणीय है। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐसे महान राष्ट्रनायक की प्रतिमा जनपद में स्थापित होना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी तथा नई पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी।
व्यापारी नेता अशोक गुप्ता उर्फ राहुल ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि सरदार पटेल का व्यक्तित्व एवं कृतित्व देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। जनपद में उनकी प्रतिमा स्थापित होने से उनके योगदान को सम्मान मिलेगा।

इस दौरान दोनों ने शासन एवं प्रशासन से जनहित और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रतिमा स्थापना की मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: बलिया के खंदवा गांव में कब होगा सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण?

