भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- किसी भी वर्ग के साथ नहीं होगा भेदभाव
युवा तुर्क, लखनऊ
उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने यूजीसी के नए नियमों को लेकर केंद्र सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र का भविष्य है। युवाओं के सपनों और उनके अधिकारों की रक्षा करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर छात्र के मान-सम्मान और उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रही है।
पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया पर साझा अपनी पोस्ट में बताया कि यूजीसी नियमों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान सरकार ने स्पष्ट किया है कि इन नियमों की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी। इस समिति का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होगा कि देश के किसी भी वर्ग के विद्यार्थी के साथ भेदभाव न हो।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में प्रत्येक विद्यार्थी के सम्मान, अधिकार और भविष्य का संरक्षण जरूरी है। सरकार इस दिशा में प्रतिबद्ध है। यूजीसी नियमों की समीक्षा का उद्देश्य भी यही है कि सभी वर्गों के विद्यार्थियों को समानता और सम्मान का अवसर मिल सके।

बता दें कि उच्च शिक्षण संस्थानों में भेदभाव को रोकने के लिए कुछ महीने पहले यूजीसी ने यूजीसी इक्विटी रेग्यूलेशंस एक्ट 2026 एक्ट लाया था। जिसका सवर्ण समाज ने काफी विरोध किया था। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हो रही है। उधर, इस नियम को लागू करने की मांग को लेकर जनहित संकल्प पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.आरएस पटेल के नेतृत्व में दलित-ओबीसी वर्ग के युवाओं ने लखनऊ के इको गार्डन में कई दिनों तक धरना दिया था।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: सीएम योगी के गृह जनपद में नितिन नवीन की अगुवाई में निकली ‘लोकतंत्र बचाओ’ यात्रा


