सीएम सम्राट चौधरी ने केंद्रीय रेल मंत्री माननीय अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात
सीतामढ़ी -अयोध्या के बीच चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
युवा तुर्क, नई दिल्ली
दीपावली Diwali और छठ महापर्व Chhath Mahaparv पर बिहार Bihar आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए बिहार के लिए सामान्य तौर पर संचालित लगभग 12 हजार ट्रेनों की तुलना में 15 हजार ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की गई है। यही नहीं जनवरी 2027 में पटना साहिब में आयोजित होने वाले श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व के अवसर पर 9 से 16 जनवरी के बीच बिहार के लिए अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
इस संबंध में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री माननीय अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। बैठक में बिहार में रेल सुविधाओं के विस्तार, नई रेल परियोजनाओं, औद्योगिक कनेक्टिविटी और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने दीपावली और छठ महापर्व के दौरान बिहार आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का अनुरोध किया।
इस पर केंद्रीय रेल मंत्री ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के संचालन की व्यापक व्यवस्था की गई है। जनवरी में आयोजित होने वाले प्रकाश पर्व के लिए भी अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिससे देश के विभिन्न हिस्सों से पटना साहिब आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।
बैठक में सीतामढ़ी और अयोध्या के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने के प्रस्ताव पर भी केंद्रीय रेल मंत्री ने सहमति जताई। इस रेल सेवा से दोनों प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के बीच आवागमन आसान होगा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अतिरिक्त बिहार के मढ़ौरा और मधेपुरा स्थित रेल इंजन निर्माण कारखानों की उत्पादन क्षमता दोगुनी करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। दोनों कारखानों को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने तथा भविष्य में उत्पादन विस्तार की दिशा में पहल करने पर विचार किया गया।

गयाजी में विकसित हो रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) को रेल नेटवर्क से जोड़ने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आवश्यक भूमि अधिग्रहण सुनिश्चित करती है तो रेलवे डोभी-चतरा रेल लाइन से गयाजी के औद्योगिक क्षेत्र तक नई संपर्क रेल लाइन बिछाने के लिए तैयार है। बैठक में बिहटा-औरंगाबाद और सुल्तानगंज-कटोरिया रेल लाइन परियोजनाओं में तेजी लाने तथा प्रस्तावित विक्रमशिला-कटरिया रेल लाइन के तहत गंगा नदी पर रेल-सह-सड़क पुल के निर्माण के प्रस्ताव पर भी बातचीत हुई।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: उत्तर रेलवे का बड़ा फैसला- 45 ट्रेनों के समय में बदलाव

