युवा तुर्क, बेल्थरा रोड
रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की लेवल-1 (ग्रुप-डी) कंप्यूटर आधारित परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने मऊ-बरेली-मऊ अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन के दो स्टेशनों पर ठहराव का समय बढ़ा दिया है। 05185/05186 मऊ-बरेली-मऊ परीक्षा विशेष ट्रेन अब लखीमपुर और गोला गोकरननाथ स्टेशनों पर दो-दो मिनट अतिरिक्त रुकेगी। रेलवे का यह निर्णय परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण राहत माना जा रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की ओर से जारी सूचना के अनुसार 05185 मऊ-बरेली अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन में 3 अगस्त 2026 से लखीमपुर स्टेशन पर रात 12:35 बजे पहुंचकर 12:37 बजे प्रस्थान करने का समय निर्धारित किया गया है।
इसी ट्रेन का गोला गोकर्णनाथ स्टेशन पर रात 1:10 बजे आगमन और 1:12 बजे प्रस्थान होगा।
वहीं वापसी में 05186 बरेली-मऊ अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन में 4 अगस्त 2026 से गोला गोकरननाथ स्टेशन पर रात 8:20 बजे पहुंचकर 8:22 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद लखीमपुर स्टेशन पर रात 8:51 बजे पहुंचेगी और 8:53 बजे रवाना होगी।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक यह अतिरिक्त ठहराव आरआरबी लेवल-1 (ग्रुप-डी) की कंप्यूटर आधारित परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की अतिरिक्त सुविधा के लिए दिया गया है। परीक्षा विशेष ट्रेन का संचालन पहले से किया जा रहा है। अतिरिक्त ठहराव से इन दोनों स्टेशनों से ट्रेन पकड़ने वाले परीक्षार्थियों को राहत मिलेगी और उन्हें ट्रेन में सवार होने के लिए कुछ अतिरिक्त समय मिल सकेगा।
रेल प्रशासन ने अभ्यर्थियों से यात्रा से पहले ट्रेन के समय की पुष्टि करने तथा निर्धारित समय से पर्याप्त पहले स्टेशन पहुंचने की अपील की है।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: कॉमनवेल्थ गेम्स: 39 मेडल के साथ चौथे पायदान पर भारत


