डीएम की संवेदनशीलता की हो रही तारीफ
संतोष सहनी, सोनभद्र
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए दो दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल और एक छात्रा को साइकिल प्रदान की। सीएसआर फंड से मिली मोटराइज्ड ट्राई साइकिल से दिव्यांगजनों के आवागमन में सहूलियत होगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

वहीं, छात्रा को मिली साइकिल से उसकी स्कूल तक पहुंच आसान होगी। ग्राम कैथी निवासी अनन्या पांडेय, पुत्री महेश देव पांडेय, जो रघुकुल अकादमी चतरा की छात्रा हैं, को भी जिलाधिकारी ने साइकिल प्रदान की। साइकिल मिलने पर छात्रा के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
जिलाधिकारी ने उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए नियमित विद्यालय जाने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
सोनभद्र में जिला प्रशासन की इस पहल से जरूरतमंदों को न सिर्फ आवागमन की सुविधा मिली, बल्कि आत्मनिर्भरता और शिक्षा की राह को भी आसान बनाने की कोशिश की गई है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनसुनवाई में पहुंचे दिव्यांगजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवागमन की सुविधा के लिए सीएसआर फंड के माध्यम से दो मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्रदान की।
ग्राम तिरनाही, बिच्छी, रॉबर्ट्सगंज निवासी दीपक पुत्र राजू और ग्राम मारकुंडी, रॉबर्ट्सगंज निवासी शशि पुत्र नान्हू दोनों पैरों से दिव्यांग हैं। दोनों को जिलाधिकारी ने मोटराइज्ड ट्राई साइकिल सौंपी। ट्राई साइकिल मिलने पर दोनों लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। दिव्यांगजनों को सम्मान, सुविधा और आत्मनिर्भरता उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाले दिव्यांगजनों और अन्य पात्र जरूरतमंदों को शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सुविधाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।


