अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने सीएम योगी को लिखा पत्र
युवा तुर्क, लखनऊ
बिजली विभाग में दलित अभियंताओं के उत्पीड़न का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पॉवर ऑफिसर्स एसोसिएशन की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने सीएम योगी से दलित अभियंताओं पर की गई कार्रवाइयों की जांच का आदेश देने का अनुरोध किया है।

बता दें कि पिछले दिनों पावर ऑफिसर्स एसोसिएशन ने एससी-एसटी आयोग में निशाना बनाकर दलित अभियंताओं पर कार्रवाई किए जाने की शिकायत की थी। आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने बुधवार को इस बाबत मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। उन्होंने मुख्यमंत्री को पूरे मामले की जानकारी देते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच करावाने और दोषी पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई का अनुरोध किया है। ऊर्जा निगमों में दलित और पिछड़ा वर्ग के अभियंताओं का संगठन पावर ऑफिसर्स एसोसिएशन लगातार आरोप लगा रहा है कि ऊर्जा निगमों का प्रबंधन दलित अभियंताओं को निशाना बना रहा है।
एक जैसे मामलों में अलग-अलग वर्ग के अभियंताओं पर अलग-अलग कार्रवाइयां की जा रही हैं। दलित वर्ग के जिन अभियंताओं को निलंबित किया जा रहा है, उनके मामले निपटाने के बजाय उन्हें लटकाया जा रहा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष आरपी केन और कार्यवाहक अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि संगठन को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के स्तर से इस मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए जाएंगे।
