आरक्षण मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष
मंत्री संजय निषाद पर भी निशाना साधा
संतोष साहनी, सोनभद्र
निषाद आरक्षण संकल्प अभियान को लेकर वीआईपी पार्टी के अध्यक्ष मुकेश साहनी सोनभद्र पहुंचे। यहाँ सम्मेलन में उन्होंने निषाद समाज को एससी आरक्षण दिए जाने की मांग उठाई और कार्यकर्ताओं को गंगाजल हाथ में लेकर आरक्षण मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दिलाया।

मुकेश सहनी ने केंद्र और प्रदेश सरकार के साथ-साथ निषाद पार्टी के अध्यक्ष मंत्री संजय निषाद पर भी निशाना साधा। वीआईपी पार्टी अध्यक्ष मुकेश साहनी ने कहा कि निषाद समाज को आरक्षण मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा और समाज के लोगों को इस मुद्दे पर एकजुट किया जाएगा।
कार्यकर्ता सम्मेलन में मुकेश साहनी ने निषाद समाज को एससी आरक्षण दिए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि आरक्षण के मुद्दे को लेकर उत्तर प्रदेश के अलग -अलग जिलों में अभियान चलाया जाएगा और समाज के लोगों को जागरूक किया जाएगा। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि अब गांव-गांव जाकर लोगों को इस मुद्दे से जोड़ने और संकल्प कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। मुकेश साहनी ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यदि निषाद समाज को एससी आरक्षण नहीं मिलता है तो समाज के लोग चुनाव के समय अपने राजनीतिक फैसले खुद लेने के लिए स्वतंत्र होंगे। उन्होंने कहा कि किसे वोट देना है, इसका निर्णय मतदाता स्वयं करेंगे। मुकेश साहनी ने निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद पर भी निशाना साधते हुए कहा कि निषाद समाज को आरक्षण दिलाने का वादा किया गया था और इसी भरोसे पर समाज ने उन्हें अपना नेता माना।
साहनी का आरोप है कि कई साल बीत जाने के बाद भी आरक्षण का मुद्दा लंबित है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज अब किसी एक नेता के पीछे चलने के बजाय अपने हितों और मुद्दों के आधार पर राजनीतिक निर्णय लेगा। उन्होंने पश्चिम बंगाल और दिल्ली में आरक्षण की व्यवस्थाओं का हवाला देते हुए उत्तर प्रदेश और बिहार में निषाद समाज के आरक्षण को लेकर सवाल उठाए। साथ ही बिंद, केवट और संबंधित समुदायों को भी आरक्षण के दायरे में शामिल किए जाने की मांग रखी। वीआईपी पार्टी की ओर से कहा गया कि निषाद आरक्षण संकल्प अभियान को प्रदेश के अन्य जिलों तक ले जाया जाएगा। अभियान के जरिए समाज को आरक्षण के मुद्दे पर एकजुट करने और लोगों तक मांग पहुंचाने का दावा किया गया।


