रात भर अंधेरे में रहे लोग
युवा तुर्क, बेल्थरा रोड (बलिया)
बुधवार की शाम साढ़े पांच बजे अचानक आई तेज आंधी और बारिश ने जहां मौसम को सुहाना बना दिया, वहीं बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। आंधी शुरू होते ही विद्युत आपूर्ति ठप हो गई और पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब गया।

तेज हवाओं और बारिश के साथ बादलों की लगातार चमक व गरज से लोग देर शाम तक सहमे रहे। मौसम में आए बदलाव के चलते तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से गिरकर गुरुवार को न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन बिजली गुल होने से जनजीवन प्रभावित हो गया।

आंधी-पानी का असर इतना ज्यादा रहा कि विद्युत आपूर्ति पूरी रात बाधित रही। क्षेत्र के लोग रातभर अंधेरे में रहने को मजबूर रहे। गुरुवार की सुबह तक भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी, जिससे पेयजल की समस्या भी गहराने लगी और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इस संबंध में जेई विद्युत राम विलास खरवार ने बताया कि फाल्ट की तलाश और मरम्मत का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि सुबह साढ़े आठ बजे तक विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। विभाग का दावा सही साबित हुआ और करीब साढ़े आठ बजे आपूर्ति बहाल होते ही लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि कई इलाकों में लोकल फाल्ट की समस्या बनी रही, जिससे बीच-बीच में आपूर्ति बाधित होती रही।
आंधी-बारिश से मिली राहत के बीच बिजली संकट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
रातभर अंधेरे और सुबह तक पानी के संकट ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से व्यवस्था को और दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचा जा सके।
पढ़तेे रहिए युवा तुर्क: राष्ट्रीय किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष बने विजय कुमार श्रीवास्तव

