बलिया के डायट पकवाइनर में ‘कला एवं पपेट्री के माध्यम से शिक्षण’ प्रतियोगिता
17 ब्लॉकों के शिक्षकों ने दिखाया नवाचार और शिक्षण कौशल
युवा तुर्क, बलिया
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) पकवाइनर के सभागार में गुरुवार को ‘कला एवं पपेट्री के माध्यम से शिक्षण’ विषय पर जनपदीय प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता में जिले के सभी 17 ब्लॉकों से चयनित शिक्षक- शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने कला, पपेट्री और नवाचार के जरिए बच्चों को विषय समझाने की अपनी शिक्षण तकनीक का प्रदर्शन किया। विभिन्न वर्गों और विषयों में सीयर ब्लॉक की शिक्षिकाओं का दबदबा रहा। प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली पांच शिक्षिकाओं ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।

प्राथमिक स्तर पर सीयर की दो शिक्षिकाएं अव्वल
प्राथमिक स्तर की गणित विषय की प्रतियोगिता में सीयर ब्लॉक की मोनिका शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं भाषा विषय में इसी ब्लॉक की नाहिद जमाल ने बाजी मारी।

उच्च प्राथमिक में भी सीयर आगे
उच्च प्राथमिक स्तर के विज्ञान विषय में सीयर ब्लॉक की तरन्नुम प्रथम रहीं। जबकि गणित विषय में बांसडीह ब्लॉक की छाया यादव और सामाजिक विज्ञान में चिलकहर ब्लॉक की सुफिया खातून ने पहला स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शिक्षण को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने के लिए कला एवं पपेट्री के विभिन्न माध्यमों का प्रयोग किया। मूल्यांकन के बाद विजेताओं की घोषणा की गई।
डायट के प्राचार्य/उप शिक्षा निदेशक ने सभी जनपदीय विजेता शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए जनपद का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई।


