चंदौली की पूर्व जिलाध्यक्ष को संगठन ने दी क्षेत्रीय टीम में जगह, महिला संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी
युवा तुर्क, वाराणसी
भारतीय जनता पार्टी ने महिला मोर्चा के संगठनात्मक विस्तार के तहत काशी क्षेत्र की नई क्षेत्रीय कार्यसमिति के पदाधिकारियों की घोषणा की है। इसमें चंदौली की पूर्व जिलाध्यक्ष सुषमा जायसवाल को क्षेत्र उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला स्तर पर संगठन का नेतृत्व करने के बाद अब उन्हें क्षेत्रीय टीम में स्थान मिलने से उनके राजनीतिक संगठनात्मक सफर को नई ऊंचाई मिली है।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया की संस्तुति तथा प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा सरोज कुशवाहा की अनुमति से घोषित पदाधिकारियों की सूची में सुषमा जायसवाल का नाम तीसरे क्रम पर शामिल है। महिला मोर्चा की क्षेत्रीय टीम में उन्हें उपाध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले वह चंदौली जिले में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष के रूप में संगठन की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।
घोषित सूची में कुल 10 क्षेत्र उपाध्यक्ष, तीन क्षेत्र महामंत्री और 10 क्षेत्र मंत्री बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त मिर्जापुर से आभा सिंह पटेल को क्षेत्र महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। वहीं बिना सिंह और शिखा अग्रवाल को क्षेत्र कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है।
सुषमा जायसवाल को क्षेत्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारी मिलने से समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी है। माना जा रहा है कि जिले में संगठनात्मक अनुभव का लाभ उन्हें काशी क्षेत्र में महिला मोर्चा को और सक्रिय तथा मजबूत बनाने में मिलेगा।

जायसवाल ने नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व सहित प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा सरोज कुशवाहा, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया एवं काशी क्षेत्र महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनीता सिंह के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कोटिशः धन्यवाद दिया। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के भरोसे को अपनी जिम्मेदारी बताते हुए संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प जताया।

