छत पर वलीमा की दावत के लिए लगाया जा रहा था टेंट
युवा तुर्क, मऊ
मऊ जनपद के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद (डोमनपुरा) मोहल्ले में सोमवार दोपहर शादी की तैयारियों के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर वलीमा की दावत के लिए टेंट लगाया जा रहा था। इसी दौरान लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आने से दूल्हे के भाई समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच इस्लामाबाद (डोमनपुरा) मोहल्ले में शादी समारोह की तैयारियां चल रही थीं। घर की छत पर रात में होने वाले वलीमा कार्यक्रम के लिए टेंट लगाया जा रहा था।
टेंट लगाने के दौरान लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से छू गया। तार के संपर्क में आते ही पाइप में तेज करंट उतर गया और वहां मौजूद तीन लोग उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में महमूद (23-25 वर्ष), कामिल (20-23 वर्ष) और इरफान (20-21 वर्ष) की मौत हो गई।
महमूद दूल्हे का भाई बताया गया है, जबकि कामिल और इरफान टेंट लगाने का काम करते थे। करंट का झटका इतना तेज था कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही दक्षिण टोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की रस्मों और वलीमा की तैयारियां चल रही थीं, वहां कुछ ही देर में चीख-पुकार मच गई।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: उत्कृष्ट कार्य के लिए महिला दरोगा तृप्ति पांडेय सम्मानित


