ताजा ख़बरें, Hindi News, delhi up news , Breaking Hindi News, Hindi Samachar, Latest Hindi News – yuvaaturk.com
उत्तर प्रदेश

छठ की खुशियां मातम में बदलीं, पेड़ से टकराई कार; एक ही गांव के चार युवकों की मौत

गौवापार, बलिया

नगरा- बेल्थरारोड मार्ग पर निछुवाडीह के पास देर रात हुआ हादसा

युवा तुर्क, बलिया

छठ पर्व की खुशियां एक ही रात में चार परिवारों के लिए जिंदगी भर का गम बन गईं। नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुवाडीह के पास शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार चार युवकों की मौत हो गई। दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों की मऊ स्थित अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

मालीपुर
उपजिलाधिकारी शरद चौधरी व सीओ मंजरी राव ने परिजनों से मुलाकात की, साथ में भाजपा जिला उपाध्यक्ष शशि चौरसिया।

मृतकों की पहचान गौवापार गांव के करूमपुरा निवासी अभिषेक पटेल, कुणाल पासवान, धनंजय पटेल और गोलू ठाकुर के रूप में हुई है। चारों युवक शनिवार की रात किसी काम से नगरा आए थे।

रात करीब 10 बजे घर लौटते समय उनकी कार निछुवाडीह के समीप दैत्यराज बाबा स्थल के पास पहुंची। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा में दो युवकों को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों को बेहतर इलाज के लिए मऊ ले जाया गया, जहां रात करीब दो बजे उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

चार मौतों से गांव में मचा कोहराम:

एक ही गांव के चार युवकों की मौत की खबर पहुंचते ही गौवापार में कोहराम मच गया। परिवारों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। छठ पर्व के उल्लास के बीच चार घरों में मातम छा गया। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।

नगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत मौके पर हुई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों की मऊ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

घटना के बाद उपजिलाधिकारी शरद चौधरी व सीओ मंजरी राव ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की।

उपजिलाधिकारी शरद चौधरी ने कहा, ” मालीपुर की दुखद घटना पर पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की गई एवं हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया।”

चार घरों के बुझ गए चिराग, किसी ने देखे थे नौकरी के सपने तो कोई बना रहा था भविष्य

कुणाल पासवान : रेलवे में नौकरी का देख रहा था सपना

कुणाल पासवान ने दो साल पहले आईटीआई की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद वह प्रयागराज में रहकर रेलवे भर्ती की तैयारी कर रहा था। दीपावली से दो दिन पहले ही गांव आया था। परिजनों के मुताबिक, शाम करीब छह बजे मां शीला देवी को खीर बनाने के लिए दूध लाने की बात कहकर घर से निकला था। पिता रविंद्र प्रसाद प्राइवेट ड्राइवर हैं। चार भाई-बहनों में कुणाल सबसे बड़ा था।

धनंजय पटेल : बच्चों को पढ़ाने के साथ खुद भी बनना चाहता था शिक्षक

धनंजय पटेल प्राइवेट स्कूल में पढ़ाकर परिवार की मदद करता था। इसके साथ ही शिक्षक भर्ती की तैयारी में भी जुटा था। तीन भाइयों में सबसे छोटा धनंजय अविवाहित था। उसके पिता रामप्रकाश खेती-किसानी करते हैं, जबकि मां हंसा देवी गृहिणी हैं। बहन रीना की शादी हो चुकी है। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं।

गोलू ठाकुर : वर्दी पहनने का सपना रह गया अधूरा

गोलू ठाकुर गांव में रहकर सेना या पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। तीन भाइयों में सबसे छोटा गोलू अभी अविवाहित था। पिता कमलेश ठाकुर खेती करते हैं और मां शारदा देवी गृहिणी हैं। बड़े भाई अंजनी और राजू हैं, जबकि इकलौती बहन रंजना की शादी हो चुकी है। परिवार को उम्मीद थी कि गोलू एक दिन वर्दी पहनकर घर का नाम रोशन करेगा।

अभिषेक पटेल : छह महीने पहले ही बंधा था शादी का बंधन

अभिषेक पटेल उत्तराखंड स्थित आईआईएम में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। दीपावली से एक दिन पहले ही वह गांव आए थे। छह महीने पहले ही उनकी शादी आकांक्षा सिंह से हुई थी। पिता प्रमोद पटेल गांव में खेती करते हैं, जबकि मां आशा सिंह पटेल सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं। अभिषेक दो बहनों नीतू और रितु के इकलौते भाई थे। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। परिवार के लिए अभिषेक की असमय मौत किसी बड़े सदमे से कम नहीं है।

पढ़ते रहिए युवा तुर्क: रुद्रपुर में एक साथ सजीं चार चिताएं, उमड़ा जनसैलाब

बेल्थरा रोड
मां मतुरानी देवी फॉर्मेसी कॉलेज, बेल्थरा रोड, बलिया
हॉस्पिटल
DN Surya Hospitals , Belthra Road

Related posts

सीएम योगी के हाथों में प्रसिद्ध पुस्तक ‘परम सुख’, आईपीएस घनश्याम चौरसिया ने की भेंट

Baliram Singh

68500 शिक्षक भर्ती: ओबीसी अभ्यर्थियों के समर्थन में उतरे सांसद संजय सिंह

Baliram Singh

आजमगढ़ के देवरांचल के गन्ना किसानों के लिए सड़क से संसद तक उठेगी आवाज

Baliram Singh