ट्रैक मेन्टेनर अग्निवेश मोदनवाल की मौत से आहत हैं रेलवे कर्मचारी, शोक सभा का आयोजन
युवा तुर्क, लखनऊ
पूर्वोत्तर रेलवे के लखीमपुर सेक्शन में कार्यरत ट्रैक मेन्टेनर अग्निवेश मोदनवाल की ड्यूटी के दौरान मालगाड़ी की चपेट में आने से हुई दर्दनाक मृत्यु से संपूर्ण रेल परिवार गमगीन है। दिवंगत कर्मचारी को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा रेल कर्मचारियों की सुरक्षा के गंभीर मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के उद्देश्य से ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेन्टेनर यूनियन पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा मण्डल रेल प्रबन्धक कार्यालय लखनऊ में शोकसभा आयोजित की गई।

शोक सभा में ऑल इण्डिया रेलवे ट्रैक मेन्टेनर यूनियन के आमंत्रण पर विभिन्न रेलवे यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने सहभागिता की तथा कर्मचारी सुरक्षा के मुद्दे पर संगठनात्मक सीमाओं से ऊपर उठकर एकजुटता प्रदर्शित की।
इसमें स्वतंत्र रेलवे बहुजन कर्मचारी यूनियन, पूर्वोत्तर रेलवे कार्मिक यूनियन, ऑल इन्डिया ओबीसी कर्मचारी एसोसिएशन, एनई रेलवे मेंस कांग्रेस एवं पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।

शोकसभा में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत साथी अग्निवेश मोदनवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही रेल कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न मांगों को लेकर रेल प्रशासन को संयुक्त ज्ञापन सौंपने तथा मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में संयुक्त संघर्ष करने का संकल्प लिया गया

ओबीसी एसोसिएशन के मण्डल मंत्री संजय यादव ने कहा कि रेल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा के लिए तमाम इंतजाम कर रहा है।
लेकिन उन सुरक्षा व्यवस्थाओं को बनाए रखने वाले रेल कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए अपेक्षित ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि ट्रैकमेन्टेनरों के लिए रेलवे लाइन के किनारे सुरक्षित रास्ते की व्यवस्था की जाए, जिससे ट्रेन आने की स्थिति में कर्मचारी सुरक्षित स्थान तक पहुंच सकें और अपनी ड्यूटी सुरक्षित तरीके से कर सकें।
पूर्वोत्तर रेलवे कार्मिक यूनियन के महामंत्री रणविजय ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए।
कर्मचारियों के जीवन की कीमत समझते हुए रेल प्रशासन को सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय तत्काल लागू करने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो
स्वतंत्र रेलवे बहुजन कर्मचारी यूनियन के मण्डल मंत्री चन्द्रशेखर पटेल ने रेल कर्मचारियों की ड्यूटी आठ घंटे निर्धारित किए जाने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के कार्य के घंटे निर्धारित करना भी उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के मण्डल मंत्री राकेश चन्द्र वर्मा ने कहा कि कर्मचारियों से संबंधित तमाम मुद्दे पीएनएम बैठकों में उठाए जा चुके हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा उन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि ऑल इण्डिया रेलवे ट्रैकमेन्टेनर यूनियन कर्मचारी सुरक्षा के लिए जो भी प्रभावी कदम उठाएगी, उसमें उनका संगठन सदैव साथ खड़ा रहेगा
ऑल इण्डिया रेलवे ट्रैकमेन्टेनर यूनियन के मंडल मंत्री संतोष कुमार ने कहा कि ट्रैक मेंटेनर कर्मचारियों की सुरक्षा से संबंधित अनेक मुद्दे पिछले कई वर्षों से ज्ञापन के माध्यम से रेल प्रशासन के समक्ष उठाए जाते रहे हैं।
लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि कर्मचारियों की सुरक्षा को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। आज भी कर्मचारियों के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब ट्रैकमेन्टेनर यूनियन कर्मचारी सुरक्षा के मुद्दे पर चुप बैठने वाली नहीं है।
ऑल इण्डिया रेलवे ट्रैकमेन्टेनर यूनियन के मंडल अध्यक्ष मिथिलेश कुमार मौर्य ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रेल प्रशासन को इस गंभीर घटना से सबक लेते हुए सुरक्षा संबंधी सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना चाहिए उन्होंने विशेष रूप से मांग की कि रेलवे बोर्ड द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार 10000 से अधिक TVU (Train Vehicle Units) वाले समपार फाटकों को अतिशीघ्र इंटरलॉक किया जाए।

ऑल इण्डिया रेलवे ट्रैकमेन्टेनर यूनियन के संयुक्त मंडल मंत्री पवन कुमार सिंह, ऑल इण्डिया रेलवे ट्रैकमेन्टेनर यूनियन के मंडल कार्यकारी अध्यक्ष विपुल पाण्डेय, ऑल इण्डिया रेलवे ट्रैकमेन्टेनर यूनियन के वाराणसी मंडल अध्यक्ष राजकुमार यादव, ऑल इण्डिया रेलवे ट्रैकमेन्टेनर यूनियन के इज्जतनगर मंडल अध्यक्ष हरी बाबू कश्यप, ऑल इण्डिया रेलवे ट्रैकमेन्टेनर यूनियन के जोनल महामंत्री अजय कुमार सरोज ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि 14 दिनों के भीतर यूनियन की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार कर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो रेलवे कर्मचारियों के हित एवं सुरक्षा के लिए भूख हड़ताल जैसे लोकतांत्रिक आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: आदित्य कुमार की मौत आलू किसान की हत्या है, आत्महत्या नहीं: अशोक कटियार


