16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति, 4 जनवरी को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
युवा तुर्क, बेल्थरा रोड
आगामी चुनावों में मतदान का अधिकार सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचना जरूरी है। इसी के मद्देनजर बेल्थरा रोड विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। अब मतदाताओं को सूची में नाम शामिल कराने, किसी तरह की त्रुटि दूर कराने और आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने 16 दिसंबर तक की समयसीमा निर्धारित किया है।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी शरद चौधरी ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन की जानकारी दी।
एसडीएम ने बताया कि विधानसभा बेल्थरा रोड के सभी 446 बूथों पर आलेख मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। मतदाता संबंधित बूथों पर प्रकाशित सूची में अपना नाम और अन्य विवरण देख सकते हैं।

उन्होंने बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इस दौरान पात्र मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के साथ ही नाम, पता और अन्य विवरण में संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे। निर्धारित अवधि में प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: वोटर लिस्ट में त्रुटि के लिए बीएलओ सहित जिम्मेदार अधिकारी जवाबदेह

