57 वर्षीय रामचंद्र यादव की संदिग्ध मौत, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा!
विवेक कुमार गुप्ता, आजमगढ़
भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय परिसर में बुधवार सुबह कार्यालय प्रभारी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया पुलिस ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
मृतक की पहचान 57 वर्षीय रामचंद्र यादव पुत्र होरी यादव के रूप में हुई है। सुबह कार्यालय परिसर स्थित उनके कमरे में शव मिलने के बाद मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने आत्महत्या की आशंका जताई, लेकिन भाजपा पदाधिकारियों ने इस चर्चा को खारिज करते हुए हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही।
भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे रामचंद्र यादव के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो लोगों को आशंका हुई। किसी तरह दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर उनका शव पड़ा मिला।


