आरक्षण की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने किया प्रदर्शन
आरक्षण विसंगति का मामला आयोग ने भी माना, फिर भी नहीं मिला न्याय: रंजना जायसवाल
बलिराम सिंह, लखनऊ
68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 की आरक्षण विसंगति के मामले में न्याय की मांग को लेकर इको गार्डन में पिछले 80 दिनों से अनवरत धरना-प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने गुरुवार को राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। सुबह करीब 11 बजे एकत्रित हुए अभ्यर्थियों ने कार्यालय के बाहर झाड़ू लगाकर केंद्रीय राज्य शिक्षा मंत्री जयंत चौधरी से आरक्षण पर न्याय की गुहार लगाई।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को पुलिस ने बसों में भरकर धरना स्थल इको गार्डन भेजा।
अभ्यर्थियों का कहना है कि पिछले 80 दिनों से वे लगातार आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान प्रदेश सरकार के कई कैबिनेट मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर चुके हैं। सभी ने उनकी मांगों को जायज बताते हुए न्याय दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

धरने का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह ने कहा कि हमारी मांग है कि 68,500 शिक्षक भर्ती में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, उत्तर प्रदेश, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, नई दिल्ली और विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति के आदेशों का अनुपालन कराया जाए। भर्ती का परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए तथा आरक्षण विसंगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
आंदोलन के सहनेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने बताया कि विगत 10 सितंबर को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की अध्यक्षता और माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी की उपस्थिति तथा बेसिक शिक्षा मंत्री के समस्त अधिकारियों और 68500 शिक्षक भर्ती के प्रतिनिधिमण्डल के समक्ष हुई बैठक में निर्णय हुआ था कि इस प्रकरण पर लंबा समय व्यतीत हो जाने के कारण माननीय मुख्यमंत्री जी निर्णय लेंगे लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सरकार के सभी प्रमुख नेताओं और मंत्रियों के दरवाजे पर दस्तक दे चुके हैं। अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि न्याय चाहिए।
महिला प्रमुख रंजना जायसवाल ने कहा कि इस भर्ती में महिला अभ्यर्थी भी पिछले कई वर्षों से न्याय के लिए संघर्ष कर रही हैं। जब आरक्षण विसंगति का मामला आयोगों और संबंधित स्तरों पर उठाया जा चुका है, तो सरकार को तत्काल परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नौकरी देनी चाहिए।
तूफान सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों ने राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य शिक्षा मंत्री जयंत चौधरी से भी मुलाकात कर अपनी मांगें रखी थीं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार को इस मामले में पहल करने की जिम्मेदारी भी सौंपी थी। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी नाराजगी के चलते अभ्यर्थियों को आरएलडी कार्यालय के बाहर झाड़ू लगाकर प्रदर्शन करना पड़ा।

प्रदर्शन में सच्चिदानंद, विनोद प्रजापति, राम प्रवेश, नसीम, अजय मावी, नवीन रुहेला, इस्तकार अंसारी, राकेश साहनी, सुनील कुमार, सुमन यादव, संजू, लता, अनस, नितिन सहित सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल रहे।


