भारत निर्वाचन आयोग के आयुक्त ने निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की
युवा तुर्क, मिर्जापुर
भारत निर्वाचन आयोग के आयुक्त विवेक जोशी ने शुक्रवार को अष्टभुजा निरीक्षण गृह के सभागार में निर्वाचन प्रक्रिया से सम्बंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग कराने का निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने कहा कि गुणवत्ता पूर्ण प्रशिक्षण से ही सरलता एवं सहजता से निर्वाचन प्रक्रिया को पूरा कराने में मदद मिलेगी। इसलिए निर्वाचन कार्य में लगे मतदान कार्मिकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया।
विवेक जोशी ने पोलिंग स्टेशन की समीक्षा के दौरान कहा कि एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता न हो। मतदान के समय मतदान कार्मिकों के लिए प्रत्येक मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित रहे।
उन्होंने संवेदनशील बूथों के चिन्हिकरण व कानून व्यवस्था के सम्बंध में जानकारी ली। कहा कि समय-समय पर राजनैतिक दलों के साथ बैठक कर निर्वाचन आयोग से जारी दिशा निर्देशों के बारे में अवगत भी कराया जाए।
इससे पहले बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार ने निर्वाचन प्रक्रिया से सम्बंधित चल रहे कार्यों एवं जिले की सामान्य जानकारी व विधानसभावार ईपी रेशियों, जेंडर रेशियो तथा अन्य कार्यों के संबंध में बताया। वहीं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कानून व्यवस्था के सम्बंध में निर्वाचन आयुक्त को जानकारी दी।
त्रुटि रहित एवं शुद्ध मतदाता सूची तैयार की जाए:
निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची त्रुटिरहित एवं शुद्ध हो। साथ ही कोई भी पात्र नागरिक, मतदाता बनने से छूटने न पाएं। उन्होंने कहाकि महाविद्यालयों, छात्रावासों कोचिंग संस्थानों एवं भर्ती रैलियों में कैंप लगाकर एवं अभियान चलाकर युवाओं से फार्म-6 भरवा कर मतदाता सूची में उनका नाम शामिल किया जाए।
वहीं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान कहा कि मतदाता जागरूकता कार्यक्रम को अधिक से अधिक नगरीय तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक चलाया जाए। जिससे अधिक से अधिक लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके। मतदाता जागरूकता अभियान के प्रचार प्रसार के माध्यम से लोगों को मतदाता बनने के लिए जागरूक किया जाए।
आयुक्त ने निर्देशों का शत प्रतिशत पालन करने का दिया आश्वासन:
विंध्याचल मंडल के आयुक्त राजेश प्रकाश ने निर्वाचन आयुक्त को आश्वस्त करते हुए कहा कि बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशो का अक्षरशः पालन कराते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सकुशल ढंग से सम्पन्न कराया जायेगा।

बैठक में डीआईजी पूनम, जिला निर्वाचन अधिकारी/ डीएम पवन कुमार गंगवार, एसपी अपर्णा रजत कौशिक, सीडीओ विजय कुमार सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार सिंह, एडीएम भू/रा विजेता, नमामि गंगे संगम लाल, पीडी धर्मजीत सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, एसडीएम सदर महेन्द्र सिंह व सभी आरओ/ईआरओ मौजूद रहे।

