भाजपा सांसद ने की शक्ति सिंह की तारीफ
नदीम अहमद, मऊ
“मऊ मेरे दिल में गहराई से बसा है। 1996 के चुनाव में जब स्व. कल्पनाथ राय यहां से सांसद थे, उनके चुनाव प्रचार में मैं यहीं था।” यह विचार उत्तर पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने मऊ प्रवास के दौरान कहा। भाजपा सांसद ने भाजयुमो के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के पूर्व अध्यक्ष शक्ति सिंह के मऊ स्थित आवास का विशेष दौरा किया।
मीडिया से बात करते हुए सांसद मनोज तिवारी ने 1996 के ऐतिहासिक दौर को याद करते हुए कहा, मऊ मेरे दिल में गहराई से बसा है। 1996 के चुनाव में जब स्व. कल्पनाथ राय यहां से सांसद थे, उनके चुनाव प्रचार में मैं यहीं था। आज स्व. कल्पनाथ राय के बाद मुझे शक्ति सिंह के कारण मऊ आने का मौका मिला है। 1996 के उस दौर में पूरे उत्तर प्रदेश में मऊ के विकास, चमचमाते फ्लाईओवर, चौड़ी सड़कों और जगमगाती लाइटों की मिसाल दी जाती थी। लेकिन बेहद दुखद है कि बाद के वर्षों में मऊ की इस स्वर्णिम पहचान को छीनकर इसे केवल अपराध और मुकदमों की राजनीति तक सीमित कर दिया गया।
मऊ सदर विधानसभा में परिवर्तन का सीधा आह्वान करते हुए मनोज तिवारी ने दो टूक कहा, मऊ के भाइयों-बहनों, अभी भी देर नहीं हुई है। मऊ सदर से अब एक बड़े और सकारात्मक बदलाव की सख्त आवश्यकता है, जिससे पूरे उत्तर प्रदेश में एक सशक्त संदेश जाए। 1996 में भी साजिशें हुई थीं, गुंडे-बदमाश हावी होने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मऊ की जनता ने उन्हें धूल चटाई थी। आज फिर से मऊ को उसी स्वाभिमान के साथ खड़े होने की जरूरत है।
शक्ति सिंह की नेतृत्व क्षमता पर मुहर लगाते हुए सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “मऊ को अपराध और खौफ के साए से बाहर निकालकर खेलकूद, बुनकरी, संस्कृति और सर्वांगीण विकास की पुरानी पहचान वापस दिलानी है, और यह काम अब शक्ति बाबू जैसे लोग ही करेंगे। शक्ति सिंह ने राष्ट्रीय पटल पर मऊ के साथ-साथ पूरे पूर्वांचल का मान बढ़ाया है।

इस अवसर पर शक्ति सिंह ने सांसद मनोज तिवारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मऊ मेरा परिवार है और यहाँ के स्वाभिमान की रक्षा मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। 30 साल तक मऊ को उपेक्षा और भय के हवाले करने वाली ताकतों से अब जनता पाई-पाई का हिसाब लेने को तैयार है। संगठन और नेतृत्व का यह विश्वास हम सभी कार्यकर्ताओं को मऊ के नवनिर्माण के लिए सर्वस्व समर्पित करने का संकल्प देता है।”


