ओवैसी- चंद्रशेखर के गठबंधन का नहीं पड़ेगा असर: शिवपाल यादव
नदीम अहमद, घोसी
घोसी विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक रहे जमीनी नेता सुधाकर सिंह की प्रथम श्रद्धांजलि सभा में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव उनके पैतृक गांव घोसी पहुंचे। यहां उन्होंने सुधाकर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

शोकसभा में जिले और प्रदेश के कई प्रमुख नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

श्रद्धांजलि सभा के बाद सुधाकर सिंह के पुत्र सुजीत सिंह को घोसी से टिकट दिये जाने के के सवाल पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि इस संबंध में निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बहुत जल्द लेंगे और इसकी जानकारी आप लोगों के सामने रखेंगे।

चंद्रशेखर और ओवैसी के गठबंधन से सपा को कोई असर नहीं:
चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन से आगामी चुनाव में पड़ने वाले प्रभाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका समाजवादी पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सांसद लालजी वर्मा, सांसद राजीव राय, सांसद रमाशंकर राजभर, विधायक डॉ एच एन पटेल, विधायक डॉ रागिनी सोनकर सहित सपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।


