दो लाख रुपये के नौ मोबाइल बरामद, चोरी के फोन खरीदने-बेचने का भी करते थे काम
युवा तुर्क, मिर्जापुर
विंध्याचल में दर्शन-पूजन करने आने वाले श्रद्धालुओं के मोबाइल और सामान चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने बुधवार को पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया है। आरोपियों के पास से चोरी के नौ मोबाइल बरामद हुए हैं। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये है।
विंध्याचल कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि उन्नाव जिले के पुरवा थाना क्षेत्र के रायपुर पुरवा निवासी प्रियांशु नितिन कुमार 13 अक्तूबर को परिवार के साथ विंध्याचल दर्शन पूजन करने आए थे। धर्मशाला में आराम करते समय उनके परिवार के पांच मोबाइल चोरी हो गए। पीड़ित की तहरीर पर विंध्याचल थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए टीम गठित की गई। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने विंध्याचल इलाके से बावली चौराहा निवासी देवा, कंतित निवासी रोहित कुमार, नागेश समेत एक बाल अपचारी को धर दबोचा। आरोपियों के पास से चोरी के कुल नौ मोबाइल बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भेजा है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विंध्याचल दर्शन-पूजन करने आने वाले श्रद्धालुओं के मोबाइल और सामान पर नजर रखते थे। मौका मिलते ही चोरी कर लेते थे। देवा और रोहित चोरी के मोबाइलों की खरीद-बिक्री भी करते थे। पुलिस बरामद मोबाइल को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

