एंबुलेंस में देरी के आरोप पर सीएचसी में हंगामा
अनूप सिंह, फतेहपुर/ बाराबंकी
लोधेश्वर महादेवा के दर्शन की आस लेकर रविवार रात घर से निकले तीन युवक दादनपुर के पास दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए। फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर बाइक पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी फतेहपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में शक्तिमान जोशी को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इसी बीच एंबुलेंस को लेकर परिजनों और स्वास्थ्य विभाग के बीच विवाद खड़ा हो गया।
डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार, बिगड़ती गई हालत:
परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस के लिए कई बार संपर्क किया गया, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। घायल शक्तिमान की हालत लगातार बिगड़ती रही।
एंबुलेंस में कथित देरी से नाराज परिजन और उनके साथ आए लोग सीएचसी परिसर में हंगामा करने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपने वाहन से शक्तिमान को जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
घायल को कोतवाल ने गोद में उठाया
हादसे में घायल सचिन जोशी की हालत भी गंभीर थी। उसे तत्काल उपचार की जरूरत थी। मौके पर मौजूद मोहम्मदपुर खाला के कोतवाल अमित सिंह भदौरिया ने मानवीय पहल करते हुए घायल सचिन को गोद में उठाया और सरकारी वाहन से उपचार के लिए भेजा।
सीएचसी परिसर में हंगामे की सूचना पर तहसीलदार वैशाली अहलावत, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश और अनु सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया।
फरवरी में होनी थी शैलेंद्र की शादी
हादसे में जान गंवाने वाले शैलेंद्र जोशी के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिजनों के मुताबिक उसकी शादी तय हो चुकी थी और फरवरी में विवाह होना था। वह एक निजी बैंक में नौकरी करता था।
शैलेंद्र के पिता दयाशंकर जोशी नगर पंचायत में नामित सभासद हैं। तीन भाइयों में शैलेंद्र दूसरे नंबर का था। बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, शक्तिमान जोशी पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग ने लापरवाही से किया इनकार
मामले की जानकारी लेने सीएचसी पहुंचे सीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि शैलेंद्र जोशी को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। शक्तिमान और सचिन घायल थे। शक्तिमान की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था।
सीएमओ के अनुसार, दोनों 108 एंबुलेंस पहले से मरीज लेकर जिला अस्पताल गई थीं। 102 एंबुलेंस को भी डायवर्ट किया गया था, लेकिन वह पहले से एक केस में व्यस्त थी। उन्होंने जांच के बाद स्वास्थ्य सेवाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं मिलने की बात कही।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: संविदा कर्मियों को नहीं मिल रहा है ईपीएफ का लाभ


