वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर हुआ हादसा
संतोष साहनी, सोनभद्र
वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने भीषण टक्कर के बाद दोनों ट्रकों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की भी मौत की सूचना है। हादसे में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है।

मृतकों में एक ट्रक चालक और एक बाइक सवार शामिल बताए जा रहे हैं। पूरा मामला सोनभद्र के सुकृत चौकी क्षेत्र का है, जहां वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर दो ट्रकों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक रॉन्ग साइड से आ रहा था, तभी सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों में भीषण आग लग गई।

देखते ही देखते आग की लपटों ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि हादसे में एक ट्रक चालक और ट्रकों के बीच फंसे बाइक सवार की जिंदा जलकर मौत हो गई।
वहीं, बाइक पर सवार दूसरे व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। इसके अलावा तीन अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने और राहत एवं बचाव कार्य के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। भीषण हादसे के चलते हाईवे पर यातायात भी प्रभावित होने की आशंका है।

