31 अक्टूबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन संशोधन
केके वर्मा, लखनऊ
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों से सम्बद्ध प्राइमरी तथा बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय नगरीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 12,405 पदों पर चयन हेतु चल रही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अब अभ्यर्थी 28 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन व शुल्क जमा कर सकेंगे, जबकि ऑनलाइन आवेदन में संशोधन करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है।

सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय के 897 पदों तथा बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायक अध्यापक, शहरी के 11,508 पदों पर सीधी भर्ती हेतु विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। पूर्व में ऑनलाइन आवेदन एवं शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर तथा आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर निर्धारित थी, जिसे छात्रहित के दृष्टिगत संशोधित करते हुए विस्तारित किया गया है।
आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन व संशोधन की अंतिम तिथियों में वृद्धि के बावजूद लिखित परीक्षा की तिथियों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। इस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 एवं 4 दिसंबर को ही आयोजित की जाएगी।

