24 घंटे के अंदर देश के अलग-अलग हिस्सों में तीन ट्रेन हादसे
युवा तुर्क, कानपुर
कानपुर सेंट्रल से गोरखपुर के बीच चलने वाली चौरी-चौरा एक्सप्रेस के चार डिब्बे बुधवार शाम को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर पटरी से उतर गये, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। पिछले 24 घंटे के अंदर देश के अलग-अलग हिस्सों में तीन रेल हादसे हो गये।

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बुधवार शाम ट्रेन के चार कोच पटरी से उतर गए। ट्रेन संख्या 15003 के बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 कोच स्टेशन से रवाना होने के करीब दो मिनट बाद ही पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई यात्री घायल नहीं हुआ।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन बुधवार शाम प्लेटफॉर्म नंबर सात पर पहुंची थी। यहां से शाम 5:03 बजे रवाना हुई। करीब 5:05 बजे स्टेशन से आगे बढ़ते समय चार कोच की एक-एक ट्रॉली पटरी से उतर गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के साथ ही सुरक्षा संबंधी कार्रवाई की गई।

बता दें कि पिछले 24 घंटे के अंदर देश के अलग-अलग हिस्सों में तीन रेल हादसे हो गये। असम में सुबह सात बजे के करीब कामरूप जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस, 13125 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस ट्रेन का इंजन और 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। उधर, मिर्जापुर में निर्माणाधीन तीसरी रेल लाइन की मिट्टी धंसने से आवागमन ठप हो गया। कई ट्रेनों को कानपुर से लखनऊ होते हुए रवाना किया गया।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: मिर्जापुर में मिट्टी धंसने से कई ट्रेनें बाधित, कई ट्रेनों का रूट चेंज



