लोगों में भारी आक्रोश, पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा राजमार्ग किया जाम
युवा तुर्क, मिर्जापुर
मिर्जापुर जनपद में फिरौती न मिलने पर 11 वर्षीय एक बच्चे की हत्या से जनपद सहित आसपास के इलाकों में लोगों में आक्रोश है। मिर्जापुर जनपद के विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव से पिता की चाय की दुकान से सोमवार की शाम 11 वर्षीय प्रिंस बिंद का अपहरण करने के बाद गला कसकर हत्या कर दी गई। अपहरण करने वाला बदमाश परिजनों से 30 लाख रुपए फिरौती मांगा था।

बुधवार की भोर में छात्र का शव लालगंज थाना क्षेत्र के कुशियरा जंगल से बरामद हुआ। पुलिस ने जंगल में ही मुठभेड़ के दौरान हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी है।
उधर हत्या की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सेमरी गांव के सामने मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस जाम हटवाने का प्रयास कर रही है।
सेमरी गांव निवासी केशव बिंद की मिर्जापुर- प्रयागराज मार्ग पर सड़क के किनारे महाशक्ति इंटर कॉलेज के बगल में चाय की दुकान है। सोमवार शाम चार बजे दुकान से ही उनके 11 वर्षीय पुत्र प्रिंस को बाइक सिखाने का झांसा देकर जिगना थाना क्षेत्र के कमपुर गांव निवासी पिंटू नाम के युवक ने अगवा कर लिया था। पिता का आरोप है कि पिंटू उनके पुत्र के बदले फिरौती के तौर पर 30 लाख रुपए मांग रहा था। पिता केशव बिंद हाल ही में 60 लाख रुपए में अपनी जमीन को बेचा था। पिता ने विंध्याचल थाना में कामापुर कला निवासी पिंटू के खिलाफ पुत्र के अपहरण की तहरीर दी थी।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के अनुसार फिरौती की रकम नहीं मिलने पर बच्चे की हत्या कर दी गई। आरोपी हिस्ट्रीशीटर पिंटू के खिलाफ मिर्जापुर के लालगंज, विंध्याचल, प्रयागराज और रायबरेली में कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल मुठभेड़ में घायल पिंटू का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
उधर, इस मामले में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल Minister Ashish Patel ने फोन पर पीड़ित परिवार से वार्ता कर शोक व्यक्त किया। मंत्री आशीष पटेल ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ ही परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: खूनी मोड़- बाबा थानिदास मोड पर 80 से अधिक मौतों पर भी नहीं चेता सिस्टम


