आजमगढ़ में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष के घर पहुंचे डिप्टी सीएम
विवेक कुमार गुप्ता, आजमगढ़
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी का वैचारिक मुद्दा है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा या एनडीए की सरकारें हैं, वहां यूसीसी लागू करने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा। उनके इस बयान से यूसीसी को लेकर प्रदेश की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना के समय से ही समान नागरिक संहिता सहित कई विषय भाजपा के वैचारिक मुद्दों में शामिल रहे हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्तमान में जिन राज्यों में भाजपा या एनडीए की सरकार नहीं है, वहां भविष्य में सरकार बनने के बाद यूसीसी लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 13 सितंबर को कहा था कि 2029 से पहले भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के सभी 21 राज्यों में यूसीसी लागू किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने आजमगढ़ दौरे के दौरान विकास एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया। निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता की जानकारी ली।
इसके बाद वह बरदह थाना क्षेत्र के जीवली गांव स्थित भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के आवास पहुंचे। वहां उन्होंने विनोद राय की दिवंगत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया। कुछ देर रुकने के बाद उपमुख्यमंत्री वहां से रवाना हो गए।



