डिप्टी सीएम मौर्य से अभ्यर्थियों की नहीं हुई मुलाकात
युवा तुर्क, लखनऊ
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पिछड़े समाज से हैं। अब ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थी न्याय की गुहार लगाने उनके दरवाजे पर न जाएं तो आखिर किसके दरवाजे पर जाएं? शनिवार को 68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात करने के लिए उनके आवास पर वार्ता कर न्याय दिलाने की गुहार दिलाने का प्रयास किया। जिस पर भारी पुलिस बल के द्वारा आवास के मुख्य गेट पर ही अभ्यर्थियों को रोक दिया गया। जिसकी वजह से उपमुख्यमंत्री से अभ्यर्थियों की वार्ता नहीं हो सकी।

इस दौरान अभ्यर्थियों ने “केशव चच्चा न्याय करो!” , ” मुख्यमंत्री जी से वार्ता कराओ – वार्ता कराओ”, “न्याय कराओ – न्याय कराओ” जैसे नारों के साथ गुहार लगाया।
गौरतलब है कि दो दिन पहले 10 सितंबर को बेसिक शिक्षा मंत्री के आवास पर बेसिक शिक्षा मंत्री एवं माध्यमिक शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में विभाग के उच्च अधिकारियों की बैठक हुई थी। जिसमें मीटिंग में शामिल अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने तर्कपूर्ण साक्ष्यों सहित अपनी बात रखी थी। जिसके आधार पर मीटिंग में इस बात की पुष्टि हुई की 68500 शिक्षक भर्ती में ओबीसी/ दिव्यांगजन /भूतपूर्व सैनिक /स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रितों के अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ है। लेकिन साथ ही इस बात की भी जानकारी दी गई कि इस विषय पर मुख्यमंत्री जी ही निर्णय लेंगे, उनके द्वारा हरी झंडी मिलने के बाद ही प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
इसी को ध्यान में रखते हुए आज 68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात करने के लिए उनके शासकीय आवास पर वार्ता कर न्याय दिलाने की गुहार दिलाने का प्रयास किया था, लेकिन यह मुलाकात नहीं हो सकी।
अभ्यर्थियों का कहना है कि – जब तक 68500 शिक्षक भर्ती में नियुक्ति पत्र नहीं मिल जाएगा या फिर मुख्यमंत्री जी के द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग को भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने का शेड्यूल जारी नहीं हो जाता तब तक हम अभ्यर्थी धरने का समापन नहीं करेंगे। संवैधानिक तरीके से लगातार अपने हक हुकूक और अधिकार की आवाज बुलंद करते रहेंगे।
आंदोलन का नेतृत्व आशुतोष वर्मा , तूफान सिंह , शिववीर सिंह , नवीन चौधरी , अखिल यादव द्वारा किया गया। आंदोलन में किरन मौर्य, कुसुम लता, राजेंद्र प्रसाद वर्मा, अजय मावी , संजीव गुप्ता, उमेश गुप्ता, शिशुपाल सिंह, शहनवाज, अनुराग कुमार यादव,अनस, अनुराग मिश्रा,मनोज कुमार, मनीष पटवा आदि अभ्यर्थी लगातार आंदोलनरत है।


