पूर्व आईएएस ने मृत छात्र के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी
युवा तुर्क, मिर्जापुर
मिर्जापुर की पूर्व डीएम और जननीति भारत पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष दिव्या मित्तल ने विंध्याचल के सेमरी गांव में 11 वर्षीय छात्र प्रिंस बिंद के अपहरण और हत्या की घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि यह सीधे तौर पर पुलिस की लापरवाही है। इतना बड़ा अपराधी कई घटनाओं को अंजाम देने के बाद भी खुलेआम घूम रहा था। वह जेल से बाहर कैसे आ रहा है? इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। दिव्या मित्तल ने यह बयान एक वीडियो जारी कर दिया है।

इसके पहले पूर्व डीएम ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि मृतक छात्र के परिजनों ने उन्हें बताया कि घटना वाले दिन ही पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई थी।
इसके बावजूद पुलिस ने बालक के पिता केशव बिंद और दादा रामदास को मुजरिम की तरह गैपुरा पुलिस चौकी में 24 घंटे बैठाए रखा और परेशान किया। पुलिस को तत्काल सक्रिय होकर कार्रवाई करनी चाहिए थी, ताकि आरोपित पकड़ा जा सके, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

दिव्या मित्तल ने कहा कि पुलिस की लापरवाही के कारण बालक की हत्या हो गई। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जांच होनी चाहिए, ताकि इसमें शामिल लोग बेनकाब हो सकें। उन्होंने गेंदालाल से जुड़ी दूसरी घटना में भी लापरवाही का आरोप लगाया।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: मिर्जापुर में फिरौती न मिलने पर छात्र की हत्या



