सपा सरकार आने पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की तरह लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को मिलेगी सुविधा
जिस काल में पीडीए पर अत्याचार होगा, वह हर काल आपातकाल होगा- अखिलेश यादव
बलिराम सिंह, लखनऊ
पिता ने लोकतंत्र सेनानी होने का तमगा दिया तो बेटे ने उस तमगे को सम्मानित कर गौरव प्रदान किया और गद्दीनशीनों ने सिर्फ आश्वासन दिया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा 51 लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किए जाने पर युवा तुर्क के तौर पर लोकप्रिय पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के साथ समाजवाद की लौ निरंतर जलाने वाले सूर्य कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए यह विचार व्यक्त किया।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में लोकतंत्र रक्षक सेनानी सम्मान समारोह के दौरान कहा कि प्रदेश में अन्याय, अत्याचार, महंगाई, भ्रष्टाचार चरम पर है।
इस समय समाजिक न्याय बीजेपियन इमरजेंसी से गुजर रहा है, जिस तरह से सब लोग मिलकर आपातकाल में लड़े थे, उसी तरह से एक बार फिर एकजुट होकर लड़ेगें, लोकतंत्र और संविधान को बचाएंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के आशीर्वाद और अनुभव से हम लोग प्रदेश और देश से बीजेपियन इमरजेंसी को हटाएंगे।

इस दौरान लोकतंत्र रक्षक सेनानियों ने संकल्प लिया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी सरकार को समर्थन देंगे और अखिलेश यादव को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएंगे जिससे लोकतंत्र बचेगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है।
सरकार में पहले ही दिन पहली कैबिनेट की बैठक में लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान राशि 20 हजार से बढ़ाकर 51 हजार रुपए की जाएगी। लोकतंत्र सेनानियों के महत्वपूर्ण सुझाव पर पूरा अमल किया जाएगा।
लोकतंत्र सेनानियों के दवा, इलाज और सरकारी अस्पतालों में विशेष सुविधा देकर पूरा इलाज मुफ्त होगा। लोकतंत्र सेनानियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बराबर सम्मान, बस और ट्रेन में मुफ्त यात्रा समेत अन्य सुझावों को समाजवादी पार्टी अपने चुनाव घोषणा पत्र में शामिल करेगी, उसे लागू किया जाएगा।

सपा प्रमुख ने कहा कि नेताजी ने लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान दिया था। लोकतंत्र रक्षकों के लिए समाजवादी सरकार ने सम्मान जनक व्यवस्था की थी। लोकतंत्र सेनानियों ने उस समय जिन परिस्थितियों में अन्याय और अत्याचार हुआ उसकी चर्चा की। साथ ही बहुत सारे सुझाव दिए है।

अखिलेश यादव ने कहा कि जिस काल में पीडीए पर अत्याचार होगा, वह हर काल आपातकाल होगा। आज आपातकाल से भी ज्यादा खतरनाक हालात है।
भाईचारा और सौहार्द को खत्म किया जा रहा है। समाज में खाई पैदा की जा रही है। भाजपा सरकार सामाजिक तानेबाने को खत्म कर रही है। किसी को न्याय नहीं मिला रहा है। पुलिस भाजपा की कार्यकर्ता बनकर काम कर रही है। हम सभी लोग तो यह बात पहले से ही कह रहे थे, अब तो सुप्रीम कोर्ट ने भी टिप्पणी की है। इस सब संकट का समाधान तभी होगा जब भाजपा हटेगी।

उन्होंने कहा कि आज भी लोकतंत्र सेनानियों में वही ऊर्जा है। जो ‘सिंहासन खाली करो कि जनता आती है‘ उद्घोष में व्यक्त हुई थी। लोकतंत्र रक्षक सेनानी फिर वही परिवर्तन लाएंगे। जब लोकतंत्र बचेगा तब संविधान बचेगा। इस समय परिस्थितियां 1975 के समय से ज्यादा कठिन है।

देवरिया के रमजान अली ने लोक नायक जयप्रकाश नारायण की सभाओं में गाए जाने वाले गीत जाग उठी तरूणाई…..प्रस्तुत किया। सम्मेलन का आयोजन सांसद आनन्द भदौरिया ने किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव, सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, पूर्व विधायक जयशंकर पाण्डेय, विधायक रविदास मेहरोत्रा, राजमणि पाण्डेय, सुभाष श्रीवास्तव, चन्द्रशेखर सिंह, बेचई यादव आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय है।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: आराधना मिश्रा ‘मोना’ को कांग्रेस ने सौंपी प्रदेश की कमान



