ताजा ख़बरें, Hindi News, delhi up news , Breaking Hindi News, Hindi Samachar, Latest Hindi News – yuvaaturk.com
उत्तर प्रदेशदिल्लीदेश

दस हजार दीपों से रोशन हुआ चंद्रशेखर उद्यान, कैनवास पर उकेरी गई पूर्व पीएम की तस्वीर

चंद्रशेखर

चंद्रशेखर के शपथ दिवस को ‘प्रधानमंत्री दिवस’ के रूप में मनाया गया

नीरज शेखर ने स्कूलों में चंद्रशेखर से जुड़ी पुस्तकें वितरित कराने की घोषणा की

युवा तुर्क, बलिया

देश के प्रथम समाजवादी प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की राजनीतिक विरासत और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल के बीच मंगलवार को बलिया में उनका प्रधानमंत्री शपथ दिवस यादगार अंदाज में मनाया गया। कहीं बच्चों ने कैनवास पर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को रंगों में उकेरा तो कहीं हजारों दीपों ने उनकी स्मृतियों को रोशन किया। चंद्रशेखर उद्यान में 10 हजार दीपों का दीपोत्सव आयोजित हुआ, जबकि जिले के प्रमुख चौराहों और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर भी दीप जलाकर उन्हें याद किया गया।

चंद्रशेखर
दस हजार दीपों से रोशन हुआ चंद्रशेखर उद्यान

दरअसल, 10 नवंबर 1990 को बलिया के आठ बार सांसद रहे चंद्रशेखर ने देश के आठवें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसी ऐतिहासिक दिन को जन्म शताब्दी वर्ष में ‘प्रधानमंत्री दिवस’ के रूप में मनाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे चंद्रशेखर उद्यान में चित्रकला प्रतियोगिता से हुई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बच्चों ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्रों को कैनवास पर उकेरने के साथ दीपों से उनकी प्रतिमा के पास ‘प्रधानमंत्री दिवस 10 नवंबर’ भी लिखा।

चंद्रशेखर
दस हजार दीपों से रोशन हुआ चंद्रशेखर उद्यान

प्रतियोगिता के दौरान राज्यसभा सांसद नीरज शेखर भी पहुंचे। उन्होंने बच्चों की कलाकृतियां देख उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि जिले के विद्यालयों में चंद्रशेखर से जुड़ी पुस्तकें वितरित कराई जाएंगी, ताकि नई पीढ़ी उनके संघर्ष, राजनीतिक जीवन और विचारों से परिचित हो सके।

शाम पांच बजे सांसद नीरज शेखर और विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह ‘पप्पू भैया’ की उपस्थिति में चंद्रशेखर उद्यान में 10 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। देखते ही देखते पूरा उद्यान दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। इस आयोजन में टाउन इंटर कॉलेज के कैडेट, एनसीसी कैडेट, रणजीत सिंह ग्रामोदय इंटर कॉलेज मिड्ढा और जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रमुख भूमिका निभाई।

चित्रकला प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में फाइन आर्ट्स लखनऊ के छात्र अमन वर्मा, राज्य ललित कला अकादमी के अलख कुमार और बीएचयू के एमएफए छात्र प्रिंस कुमार शामिल रहे। आयोजन में टाउन इंटर कॉलेज के कला अध्यापक आत्मप्रकाश सिंह, मिथिलेश कुमार सिंह, डॉ. इफ्तेखार खां और एनसीसी अफसर स्नेह प्रकाश श्रीवास्तव का योगदान रहा।

चंद्रशेखर उद्यान के अलावा शहर के कुंवर सिंह चौराहा, टीडी कॉलेज चौराहा, सतीश चंद्र कॉलेज चौराहा, कदम चौराहा और शहीद पार्क चौक सहित विभिन्न स्थानों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं के समक्ष भी हजारों दीप जलाए गए।

इस मौके पर अखिलेश सिन्हा, अनूप पांडेय, अनिल सिंह, ज्ञान प्रकाश गुप्ता, राघव सिंह, उपेंद्र सिंह, रणवीर सिंह सेंगर, मनीष सिंह, आशीष त्रिवेदी, बृजेश सिंह गाट, टिंकू सिंह, मानवेन्द्र सिंह और धर्मवीर सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

पढ़ते रहिए युवा तुर्क: ग्रामीण बैंकों के लिए मील का पत्थर साबित हुआ प्रधानमंत्री चंद्रशेखर का फैसला

बेल्थरा रोड
मां मतुरानी देवी फॉर्मेसी कॉलेज, बेल्थरा रोड, बलिया

Related posts

डीएम चर्चित गौड़ ने दिव्यांगजनों व छात्रा को दिया अनोखा उपहार

Baliram Singh

आरओ परीक्षा: बेल्थरा रोड की रुचि आर्या ने रचा कीर्तिमान

Baliram Singh

स्वच्छता: श्रम दान करने झाड़ू लेकर फील्ड में उतरे डीएम सत्य प्रकाश पटेल

Baliram Singh