रुचि ने बलिया की माटी को किया नमन
युवा तुर्क, बेल्थरा रोड (बलिया)
सफलता अक्सर उन्हीं के कदम चूमती है, जो कठिनाइयों को अपनी ताकत बना लेते हैं। इस कहावत को सच कर दिखाया है क्षेत्र की होनहार बेटी रुचि आर्या ने, जिन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की आरओ/एआरओ की परीक्षा में 173वीं रैंक हासिल कर समीक्षा अधिकारी (RO) पद पर चयन पाकर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

रुचि आर्या, जोरावर सिंह आर्या और गीता देवी की पुत्री हैं। उनकी शुरुआती शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय से हुई, जहां से उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग (बीटेक) की डिग्री हासिल की।
इंजीनियरिंग के बाद रुचि आर्या ने सिविल सेवा की राह। वर्ष 2023 से प्रयागराज में रहकर उन्होंने कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ तैयारी शुरू की। प्रज्ञा प्रवाह के मार्गदर्शन में उन्होंने अपनी तैयारी को धार दी और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली।
रुचि की कहानी सिर्फ एक परीक्षा पास करने की नहीं, बल्कि संघर्षों से लड़ते हुए आगे बढ़ने की कहानी है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और मुंबई में कार्यरत अपने छोटे भाई रितेश कुमार सिंह को दिया, जिन्होंने हर कठिन दौर में उनका हौसला बढ़ाया।
अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए रुचि ने सबसे पहले बलिया और बेल्थरा रोड की माटी को नमन किया।
उन्होंने कहा कि इसी मिट्टी ने उन्हें संघर्ष करने और हर चुनौती का सामना करने की ताकत दी। उन्होंने यह भी कहा कि जीवन में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन परिवार हमेशा मजबूत सहारे के रूप में साथ खड़ा रहा।
रुचि का मानना है कि “यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता निश्चित है।” उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए धैर्य और निरंतरता को सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बताया।
आज रुचि आर्या की यह उपलब्धि सिर्फ एक व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि छोटे कस्बों के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है कि सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखे और पूरे किए जा सकते हैं।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: आजमगढ़ की बेटी को लंदन की प्रतिष्ठित संस्था ने किया सम्मानित
पढ़ते रहिए : बेल्थरा रोड की बिटिया का ऑडिटर पद पर हुआ चयन



