जनपद में खूब हो रही है प्रशंसा
युवा तुर्क, लखनऊ
जब जिले का सबसे वरिष्ठ अधिकारी अपने हाथों में झाड़ू लेकर श्रमदान करने फील्ड में उतरता है तो समाज में एक सकारात्मक संदेश जाता है। इसी संदेश के साथ हाथरस के डीएम सत्यप्रकाश पटेल झाड़ू लेकर श्रमदान करने फील्ड में उतर गये। डीएम के इस कार्य की जनपद में खूब प्रशंसा हो रही है।

सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत निर्धारित थीम “स्वच्छता ही सेवा-2026” के अंतर्गत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं फावड़ा एवं झाड़ू लेकर श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ने स्वयं सफाई करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चंद्र सहित कलेक्ट्रेट एवं विकास भवन के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी अपने-अपने कार्यालय परिसरों में साफ-सफाई की।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए हमें अपने घर, कार्यालय और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की आदत विकसित करनी होगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वच्छता को नियमित कार्य व्यवहार का हिस्सा बनाने तथा आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान कार्यालय परिसरों में झाड़ू लगाने, कूड़ा-कचरा हटाने, अनावश्यक सामग्री को व्यवस्थित करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का कार्य किया गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालय परिसरों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने एवं स्वच्छता अभियान को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।


