ताजा ख़बरें, Hindi News, delhi up news , Breaking Hindi News, Hindi Samachar, Latest Hindi News – yuvaaturk.com
Lead Storyउत्तर प्रदेश

दरोगा बनने का सपना अधूरा: बेटे को बचाने दौड़े पिता की भी करंट से मौत

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, दरोगा भर्ती परीक्षा पास किए थे राजेश यादव

युवा तुर्क, बलिया

जिले के बांसडीह क्षेत्र के शाहपुर सहपुरवा गांव में गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। खेत में टूटकर गिरे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि मृतक राजेश यादव हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस की दरोगा भर्ती परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके थे और जल्द ही प्रशिक्षण पर जाने वाले थे। उनके उज्ज्वल भविष्य पर इस हादसे ने हमेशा के लिए विराम लगा दिया।

जानकारी के अनुसार, बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के सहपुरवा गांव निवासी 58 वर्षीय जनार्दन यादव और उनके इकलौते पुत्र राजेश यादव गुरुवार सुबह करीब छह बजे खेत पर गए थे।

खेत के ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था, लेकिन उसमें विद्युत प्रवाह जारी था। अनजाने में राजेश उस तार की चपेट में आ गए और तड़पने लगे। बेटे को बचाने के लिए दौड़े पिता जनार्दन यादव भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की खबर फैलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। राजेश के दरोगा भर्ती परीक्षा पास करने और जल्द प्रशिक्षण पर जाने की जानकारी मिलते ही शोक और भी गहरा गया। ग्रामीणों का कहना था कि एक होनहार युवक का सपना बिजली विभाग की लापरवाही ने छीन लिया।

हादसे से नाराज़ ग्रामीणों ने सुबह करीब 9:30 बजे शाहपुर सहपुरवा के पास बलिया–बांसडीह मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया।

प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। करीब एक घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई, घटना की निष्पक्ष जांच तथा शासन स्तर से हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लगभग एक घंटे बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया।

इस बीच क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह भी घटनास्थल पहुंचीं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और बिजली विभाग की लापरवाही पर कड़ा रोष जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश बना हुआ है। एक ही परिवार से पिता और इकलौते पुत्र की मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पढ़ते रहिए युवा तुर्क: कमिश्नर की सुरक्षा में तैनात युवा आरक्षी की सड़क हादसे में मौत

बेल्थरा रोड
सेंट जेवियर स्कूल, बेल्थरा रोड

Related posts

हरियाणा की तर्ज पर लागू हो भावांतर भरपाई योजना, किसानों को मिले प्रोत्साहन राशि

Baliram Singh

ओलावृष्टि: जमीनी हकीकत जानने बुंदेलखंड का दौरा करेंगे किसान नेता

Baliram Singh

आलू किसानों की मदद करे सरकार: विजय लाल श्रीवास्तव

Baliram Singh