विधानसभा चुनाव से पहले सुभासपा ने संगठन को धार देने की शुरू की कवायद
युवा तुर्क, बेल्थरा रोड/ बलिया
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को डाक बंगला मार्ग स्थित सूर्या पैलेस में आयोजित संगठन समीक्षा बैठक में सेक्टर स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने, जनसंपर्क अभियान को गति देने और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटाने पर जोर दिया गया। पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने कार्यकर्ताओं को संगठन की असली ताकत बताते हुए कहा, “कार्यकर्ताओं से संगठन है। आप हैं तो हम हैं, हमसे आप नहीं हैं।”

बैठक में पार्टी के सभी 62 सेक्टरों के प्रभारी शामिल हुए। उनकी उपस्थिति पर खुशी जाहिर करते हुए डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की मेहनत, सक्रियता और आपसी समन्वय पर निर्भर करती है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से तैयारी में जुटने और संगठन की पहुंच गांव-गांव तक बढ़ाने का आह्वान किया।
घर-घर पहुंचाने होंगे पार्टी के विचार
विधानसभा प्रभारी प्रवीण प्रकाश ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों से संवाद स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नियमित जनसंपर्क जरूरी है। कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच सक्रिय रहकर नए लोगों को संगठन से जोड़ने पर ध्यान देना चाहिए।
एमएलसी विच्छे लाल राम राजभर ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में सेक्टर स्तर पर संगठन की स्थिति की समीक्षा की गई और आगामी चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर बल दिया गया।
इस दौरान रामप्रीत राजभर, छोटे लाल, देवनंदन भारती, आतिफ जमील, प्रेम चंद, मिथिलेश राजभर, मुन्ना राजभर, अजय और वीरेंद्र यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

