जयभीम कुमार को मऊ और विजय कुमार को आजमगढ़ की मिली जिम्मेदारी
युवा तुर्क, बेल्थरारोड
बहुजन समाज पार्टी ने संगठन में फेरबदल करते हुए बेल्थरारोड क्षेत्र के बांसपार बहोरवा गांव निवासी बसपा नेता श्रवण भारती को जनपद बलिया का जिलाध्यक्ष बनाया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर श्रवण भारती ने बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के प्रति आभार जताया है। इनके अलावा विजय कुमार को आजमगढ़ और जयभीम कुमार को मऊ जनपद का जिलाध्यक्ष बनाया गया है।

श्रवण भारती ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के आशीर्वाद और विश्वास के चलते उन्हें बलिया जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। इसके लिए उन्होंने बहन मायावती के प्रति कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से संगठन के लिए कार्य करेंगे।
संगठन में विभिन्न पदों पर कर चुके हैं काम
जिलाध्यक्ष बनने से पहले श्रवण भारती बसपा संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत बूथ अध्यक्ष के रूप में संगठनात्मक कार्य करते हुए की।
इसके बाद उन्हें सेक्टर अध्यक्ष, विधानसभा उपाध्यक्ष, जिला सचिव, जिला प्रभारी और आजमगढ़ मंडल प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी भी मिली। अलग-अलग स्तर पर संगठन के साथ काम करने के अनुभव के बाद अब पार्टी ने उन्हें बलिया जिले की कमान सौंपी है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह है। कार्यकर्ताओं ने श्रवण भारती को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। वहीं श्रवण भारती ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की बात कही।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव की तिथि घोषित


