ताजा ख़बरें, Hindi News, delhi up news , Breaking Hindi News, Hindi Samachar, Latest Hindi News – yuvaaturk.com
अन्य राज्य

अखिलेश यादव पर ओमप्रकाश राजभर का तंज- अली या बजरंगबली, किसी एक को तो मानें

घोसी में चुनाव न जीत पाने का भी छलका दर्द, बोले- सांसद बनते तो केंद्र से क्षेत्र में लाते कई योजनाएं

नदीम अहमद, कोपागंज/मऊ

समाजवादी पार्टी के पीडीए और सियासी समीकरणों पर निशाना साधते हुए प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अली या बजरंगबली, दोनों में से किसी एक को तो मानना चाहिए। एक साथ दोनों को मानने की बात कैसे हो सकती है।

राजभर शनिवार को घोसी ब्लॉक के इटौरा डोरी गांव में ग्राम प्रधान अनुपमा राजभर के प्रयास से मनरेगा के तहत निर्मित अन्नपूर्णा खाद्य एवं राशन मॉडल शॉप का उद्घाटन करने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधने के साथ ही भाजपा सरकार में अपनी उपलब्धियां भी गिनाईं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में शामिल होने के बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को होमगार्ड जैसी ड्रेस से मुक्ति दिलाकर सूट-बूट वाली यूनिफॉर्म दिलाने का काम किया। इसके साथ ही शोषित और वंचित समाज के हित में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से मिलकर जातिगत जनगणना कराने की दिशा में पहल की।

इस दौरान राजभर की बातचीत में घोसी लोकसभा चुनाव में हार की कसक भी सामने आई। उन्होंने कहा कि यदि घोसी लोकसभा सीट से सुभासपा चुनाव जीतती तो क्षेत्र में केंद्र सरकार की एक-एक योजना लाने का प्रयास करते रहते। पंचायत चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव कब होगा, यह हाईकोर्ट की मंशा पर निर्भर करेगा।

कार्यक्रम में सुभासपा के एमएलसी बिच्छेलाल राजभर ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर ने गरीब परिवारों के बेटों को विधानसभा तक पहुंचाने का काम किया है। वह हमेशा गरीब और शोषित वर्गों के हितों के लिए संघर्ष करते रहे हैं।

कार्यक्रम का संचालन सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जितेंद्र भारती ने किया। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता फागू सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गोविंद राजभर ने सभी अतिथियों और आगंतुकों के प्रति आभार जताया।

Related posts

कनॉट प्लेस-इंडिया गेट के लिए नहीं मिलेंगी बसें

Baliram Singh

तीन मालगाड़ियों को जोड़कर तैयार हुई ‘अवध महाशक्ति’ फ्रेट ट्रेन

Baliram Singh

दीपावली-छठ पर बिहार के लिए 15 हजार ट्रेनें, प्रकाश पर्व पर भी विशेष इंतजाम

Baliram Singh