ताजा ख़बरें, Hindi News, delhi up news , Breaking Hindi News, Hindi Samachar, Latest Hindi News – yuvaaturk.com
उत्तर प्रदेश

सेवानिवृत CRPF जवान की चाकू मार कर हत्या, भाई भी घायल

पत्नी ने आरोपियों का एनकाउंटर और घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की

युवा तुर्क, बेल्थरारोड/ बलिया

बलिया जनपद के उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह (दोथ) गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो सगे भाइयों पर हुए चाकू हमले में CRPF के सेवानिवृत जवान की मौत के बाद परिवार में आक्रोश है। गंभीर रूप से घायल अमरेश बहादुर सिंह (45) ने मऊ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि उनके भाई मंजेश सिंह (35) की हालत गंभीर होने पर बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया है।

बेल्थरा रोड

पति की मौत से आक्रोशित पत्नी कंचन सिंह ने आरोपियों के एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। इस पर एसपी ओंमकार सिंह ने कहा कि पुलिस कानून के दायरे में रहकर परिवार की हरसंभव मदद करेगी। साथ ही परिवार के भरण-पोषण के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का भी आश्वासन दिया।

सोनाडीह

बताया गया कि सोनाडीह (दोथ) गांव निवासी अमरेश बहादुर सिंह और उनके भाई मंजेश सिंह का पट्टीदार पक्ष से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। गुरुवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, रामकरण सिंह गाली- गलौज कर रहा था। इसी दौरान दोनों भाई उसे समझाने पहुंचे।

आरोप है कि इसी दौरान रामकरण सिंह और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अमरेश के पेट में चाकू का गहरा वार लगा, जिससे उनकी आंत बाहर निकल आई। मंजेश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को लहूलुहान हालत में जमीन पर गिरा देख मौके पर अफरा- तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी सीयर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को मऊ रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर मऊ पहुंचे, जहां उपचार के दौरान अमरेश बहादुर सिंह की मौत हो गई। वहीं मंजेश की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि अमरेश बहादुर सिंह पिछले 31 मार्च को सीआरपीएफ से वीआरएस लिए थे। वह घर पहुंच कर डेयरी फार्म का कार्य शुरू किए थे। उनकी तीन बच्चियां हैं।

एनकाउंटर और बुलडोजर चलाने की मांग

अमरेश की मौत के बाद उनकी पत्नी कंचन सिंह का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के सामने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए। परिवार की ओर से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ न्याय की मांग की गई।

तीन हिरासत में, दो की तलाश:

पुलिस ने नामजद पांच आरोपियों में से घटना में संलिप्त तीन लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Related posts

लोहिया, जेपी, चंद्रशेखर व मुलायम सिंह ने लोकतंत्र को समाजवाद की दिशा दी

Baliram Singh

अधिकारियों की तानाशाही से निदेशालय कर्मियों को चाहिए आजादी!  

Baliram Singh

पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का निधन, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर

Baliram Singh