यूपी प्रभारी एवं बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार करेंगे बड़ी घोषणा
युवा तुर्क, लखनऊ
उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र जनता दल यू ने 18 जुलाई को लखनऊ में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है. यह बैठक बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायक दल के नेता, कैबिनेट मंत्री तथा उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार की अध्यक्षता में होगी. बिहार में नई सरकार के गठन के बाद उत्तर प्रदेश का यह उनका पहला आधिकारिक दौरा होगा।
बैठक का आयोजन चौधरी चरण सिंह सभागार, सहकारिता भवन, लखनऊ में होगा. बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल करेंगे।
प्रदेश कार्यकारिणी की इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, सभी जिला अध्यक्ष तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने, आगामी संगठनात्मक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने तथा वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार पूर्व में ही प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं। साथ ही, उन्होंने बिहार एवं केंद्र के तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के अंतर्गत जनता दल यूनाइटेड की सम्मानजनक भागीदारी की मांग प्रमुखता से उठाई है।

