ताजा ख़बरें, Hindi News, delhi up news , Breaking Hindi News, Hindi Samachar, Latest Hindi News – yuvaaturk.com
उत्तर प्रदेश

68500 शिक्षक भर्ती: छात्रों के समर्थन में उतरे सरदार सेना प्रमुख व किसान नेता टिकैत

राकेश टिकैत ने सीएम योगी को लिखा पत्र

युवा तुर्क, लखनऊ

68500 सहायक शिक्षक भर्ती 2018 में हुए आरक्षण घोटाले एवं ओबीसी को 5 प्रतिशत छूट न दिए जाने के विरोध में आज पीड़ित अभ्यर्थियों ने धरना स्थल इको गार्डन, लखनऊ में महाआंदोलन किया।

अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, उ०प्र०, लखनऊ के 7 जुलाई 2026 के आदेश का अनुपालन करते हुए बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा तत्काल कार्यवाही की जाए। आयोग ने अपने आदेश में स्पष्ट कहा है कि 68500 भर्ती में ओबीसी वर्ग को उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत की छूट देकर 150 में से 60 अंक पाने वाले अभ्यर्थियों का रिजल्ट अपडेट कर नियुक्ति प्रदान की जाए। भर्ती की 23000 खाली सीटों में से 9000 सीटें आज भी ओबीसी वर्ग की खाली हैं।

आंदोलनकारियों ने कहा कि इस भर्ती में सिर्फ ओबीसी ही नहीं, बल्कि दिव्यांगजन, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित वर्ग के अभ्यर्थियों को भी उनके आरक्षण का लाभ नहीं दिया गया है। सरकार को इन सभी वंचित वर्गों को न्याय देते हुए नियुक्ति देनी चाहिए।

लगभग 5000 सरदार सैनिकों का हुजूम प्रयागराज से पदयात्रा करके लखनऊ के इको गार्डन पहुंचा और 68500 पीड़ित अभ्यर्थियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर न्याय की लड़ाई लड़ने का ऐलान किया। डॉ० आर०एस० पटेल जी ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ नौकरी की नहीं, बल्कि पिछड़े, दलित, दिव्यांग और वंचित समाज के सम्मान और आरक्षण के अधिकार की लड़ाई है, जिसमें सरदार सेना अंतिम सांस तक पीड़ितों के साथ खड़ी है।

राकेश टिकैत ने भी किया समर्थन:

राकेश टिकैत
राकेश टिकैत, भाकियू

68500 शिक्षक भर्ती में हुए व्यापक स्तर पर आरक्षण घोटाले मामले पर शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। जिस पर उन्होंने अभ्यर्थियों की संवैधानिक एवं वाजिब मांग का खुला समर्थन दिया है। आशुतोष वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों के समर्थन में राकेश टिकैत ने उत्तर प्रदेश सरकार में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह को 31 अगस्त 2026 को 68500 शिक्षक भर्ती में हुए आरक्षण घोटाला मामले पर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के 7 जुलाई 2026 के आदेश का अनुपालन करते हुए बच्चों को न्याय देने के लिए समर्थन पत्र लिखा। समर्थन पत्र 68500 शिक्षक भर्ती आरक्षण घोटाला आंदोलन के नेतृत्वकर्ताओं को 2 सितंबर 2026 प्राप्त हुआ। 68500 शिक्षक भर्ती में भर्ती परीक्षा के उत्तीर्णांक में 5% की छूट देकर पूर्णांक 150 में से 60 अंक या अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थियों का रिजल्ट अपडेट करने एवं पास होने वाले अभ्यर्थियों की नियुक्ति किए जाने का समर्थन किया है। उन्होंने किसान परिवार के बच्चों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान कहा कि आप हमारे किसान कौम/परिवार के बच्चे हैं , आपकी हर संवैधानिक मांग के लिए भारतीय किसान यूनियन पूरी तरीके से आपकी मांगों का समर्थन करती है। साथ ही पत्र में उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को न्याय न मिल पाने की स्थिति में बच्चों द्वारा आंदोलन कॉल किये जाने पर भारतीय किसान यूनियन बच्चों के समर्थन में उनका साथ देने के लिए बाध्य होगी। 68500 शिक्षक भर्ती में हुए आरक्षण घोटाला में उत्तीर्णांक में 5% की छूट मिलने पर नियुक्ति पाने वाले टीम की तरफ से नवीन चौधरी, तूफान सिंह, अखिल कुमार व आशुतोष वर्मा ,नसीम फरीदी, दीपक पटेल, उत्कर्ष सिंह, आकांक्षा लोधी, रंजना जायसवाल, नवीन चौधरी, नवीन, निखिल तोमर, कोमल गुर्जर, कपिल पंडित सहित ओबीसी अभ्यर्थियों समेत दिव्यांगजन ,भूतपूर्व सैनिक (स्वयं ), स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रितों के अभ्यर्थियों ने चौधरी राकेश टिकैत का आभार व्यक्त किया।

Related posts

दलित चिंतक एचएल दुसाध को कांग्रेस ने दी प्रमुख जिम्मेदारी

Baliram Singh

पूर्व मंत्री डॉ मसूद का कांग्रेस से हुआ मोहभंग, आसपा में शामिल

Baliram Singh

गुटखा-मसाला उधार देने से इंकार पर दुकानदार पर बांका से ताबड़तोड़ हमला  

Baliram Singh