इंटक ने बनाई रणनीति, मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
युवा तुर्क, प्रयागराज
राष्ट्रीय उद्योग दिवस के अवसर पर रविवार को भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (महासंघ) इंटक की बैठक प्रयागराज में अंबेडकर चौराहा, हाईकोर्ट के पास निरवाना बिल्ड्स में हुई। बैठक में बुनकर एवं धुनकर समाज से जुड़े कारोबार की मौजूदा स्थिति, मजदूरों की समस्याओं और संगठन को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई। मांगों को सरकार तक पहुंचाने और समाधान नहीं होने पर आंदोलन की रणनीति भी तैयार की गई।

बैठक की अध्यक्षता इंटक के बुनकर एवं धुनकर प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय चेयरमैन एवं हाईकोर्ट के अधिवक्ता युसूफ अली मंसूरी ने की। इस दौरान इंटक के राष्ट्रीय महासचिव अनिल अग्रवाल और हेला समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष राज हेला का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
राष्ट्रीय चेयरमैन युसूफ अली मंसूरी ने बताया कि पिछले दिनों बुनकर एवं धुनकर कारोबार से जुड़े लोगों का सर्वे कराया गया है। सर्वे में कारोबार की बदहाली, रोजगार से जुड़ी समस्याओं और इससे प्रभावित लोगों की स्थिति सामने आई है। इसकी रिपोर्ट इंटक के राष्ट्रीय महासचिव को सौंपते हुए सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से मुद्दा उठाने की मांग की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बुनकर और धुनकर समाज का बड़ा वर्ग अपने पारंपरिक कारोबार से जुड़ा है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में यह कारोबार लगातार कठिनाइयों का सामना कर रहा है। संगठन ने सरकार से बुनकर-धुनकर समाज की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
राष्ट्रीय महासचिव अनिल अग्रवाल ने कहा कि यदि सरकार ने बुनकर एवं धुनकर समाज की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो इंटक आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।
बैठक में नेपाल में हुई त्रासदी पर भी शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट की गई।
इस अवसर पर अधिवक्ता हामिद मंसूरी आजमी, अवधेश तिवारी, संतोष सिंह (बब्लू), देवेंद्र प्रताप सिंह, अवनीश सिंह (गुड्डू), बैजंत मिश्रा, अरुण कुमार सिंह, दीपक कुमार, धर्मजीत सिंह, वीरेंद्र सिंह राजभर, संजय सिंह यादव, राजीव कुमार शुक्ला, सईद मो. मुजफ्फर हासमी, जफर अली, बालेन्द्र भूषण मिश्रा, राजकुमार शुक्ला, अभिषेक कुमार, सैफ अली मंसूरी सहित कई पदाधिकारी एवं अधिवक्ता मौजूद रहे।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: डीएम साहब को महिला मंत्री ने 17 बार फोन किया, फिर भी नहीं हुआ रिसीव



