ताजा ख़बरें, Hindi News, delhi up news , Breaking Hindi News, Hindi Samachar, Latest Hindi News – yuvaaturk.com
उत्तर प्रदेश

दीपावली से पहले खुले आसमान के नीचे आए फल-सब्जी व्यापारी

मंडी में चला बुलडोजर

छठ पूजा तक मोहलत देने की मांग नहीं आई काम

युवा तुर्क, बेल्थरा रोड (बलिया)

दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों से पहले जहां फल एवं सब्जी कारोबारियों को बेहतर बिक्री की उम्मीद थी, वहीं बेल्थरा रोड की नवीन कृषि मंडी में रविवार को हुई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं। मंडी परिसर में वर्षों से कारोबार के लिए बनाए गए छप्पर और टीनशेड बुलडोजर से हटाए जाने के बाद कई व्यापारी खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। अब उनके सामने कारोबार चलाने के साथ ही फल-सब्जियों और अन्य कच्चे माल को धूप, बारिश तथा छुट्टा पशुओं से बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है।

बेल्थरा रोड

कार्रवाई के दौरान अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रशांत कुमार मंटू ने मंडी सचिव से मुलाकात कर व्यापारियों की परेशानी बताई। उन्होंने दीपावली और छठ पूजा के त्योहारों को देखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कुछ दिनों के लिए टालने तथा छठ पूजा तक मोहलत देने का अनुरोध किया। हालांकि मंडी प्रशासन ने उनकी अपील पर कार्रवाई रोकने में असमर्थता जताई।

बेल्थरा रोड

मंडी सचिव ने व्यापार मंडल अध्यक्ष को बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए व्यापारियों को पिछले दिसंबर के बाद जून में भी चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद निदेशक के आदेश पर 26 अक्टूबर को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर छप्पर और टीनशेड हटाने का निर्देश दिया गया था। सचिव ने स्पष्ट किया कि वह उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन कर रहे हैं और उनके स्तर से इसमें राहत देना संभव नहीं है।

सामान की सुरक्षा बनी सबसे बड़ी चुनौती

मंडी में फल एवं सब्जियों का कारोबार करने वाले व्यापारियों के सामने अब सबसे बड़ी चिंता अपने कच्चे माल को सुरक्षित रखने की है। छप्पर और टीनशेड हटने से खुले में रखे फल-सब्जियों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान बिक्री बढ़ने की उम्मीद रहती है। ऐसे में कारोबार के सबसे महत्वपूर्ण समय पर छाया और सुरक्षित जगह की व्यवस्था खत्म होने से आर्थिक नुकसान की आशंका है।

बेल्थरा रोड
मां मतुरानी देवी फॉर्मेसी कॉलेज, बेल्थरा रोड, बलिया

कारोबारियों ने मंडी परिसर में बंदरों, गायों और सांडों के घूमने की समस्या भी उठाई है। उनके मुताबिक, ये पशु पहले से ही फल-सब्जियों को नुकसान पहुंचाते रहे हैं। अब छप्पर हटने के बाद खुले में रखे सामान की सुरक्षा करना और मुश्किल हो गया है। त्योहारों से पहले हुई इस कार्रवाई ने छोटे कारोबारियों के सामने रोजी-रोटी और कारोबार बचाने की चुनौती खड़ी कर दी है।

युवा तुर्क
जनसरोकर की खबरों के लिए युवा तुर्क को मजबूत कीजिये, हमारा संबल बनिये

Related posts

जयंती पर बलिया में लौह पुरुष की प्रतिमा स्थापित करने की उठी मांग

Baliram Singh

रालोद से विवेक चौधरी का मोहभंग, दो साल बाद अपना दल एस में वापसी

Baliram Singh

मिशन शक्ति केंद्रों की समीक्षा, पुलिस अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश

Baliram Singh