नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी के नेतृत्व में फलाहार वितरण
युवा तुर्क, विंध्याचल
मां विंध्यवासिनी देवी धाम में प्रतिवर्ष लगने वाले बासंतिक और शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर श्री राम सेवा समिति के सौजन्य से तथा समिति के अध्यक्ष व नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी के नेतृत्व में पिछले 23 वर्षों से लगातार त्रिकोण करने वाले भक्तों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं को फलाहार वितरण का सेवा कार्य किया जा रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने पत्रकारों से विशेष वार्ता में बताया कि विगत 23 वर्षों से नवरात्र मेले के दौरान नौ दिनों तक मां काली का विधिवत श्रृंगार कराने के उपरांत पहले दिन से लेकर नवरात्र की नवमी तक त्रिकोण यात्रियों को मां विंध्यवासिनी का प्रसाद स्वरूप फलाहार वितरित किया जाता है। भक्तों को स्वादिष्ट भुना बादाम, ताजा केला, सेव, संतरा तथा फलाहारी हलुआ का वितरण किया जाता है। इस सेवा कार्य में समिति के युवा कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहता है। वे पूरे नौ दिनों तक लगातार सेवा में तत्पर रहते हैं।
इसी नवरात्र के अवसर पर समिति द्वारा शिवपुर बस्ती में चश्मा वितरण के साथ ठंडा शरबत भी वितरित किया गया, जिसका स्थानीय श्रद्धालुओं और यात्रियों ने खूब लाभ उठाया। इस सेवा से गर्मी में थके-मांदे भक्तों को काफी राहत मिली।
श्याम सुंदर केसरी ने बताया कि यह सेवा धनंजय त्रिपाठी जी के साथ मिलकर 23 वर्ष पूर्व शुरू की गई थी। उन्होंने कहा, “मां विंध्यवासिनी देवी की दिव्य प्रेरणा से हमने यह संकल्प लिया कि जहां लाखों भक्त आकर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं और जीवन को धन्य बनाते हैं, वहां हम उनकी छोटी-छोटी सेवाओं के माध्यम से अपना योगदान दें। आज 23 वर्ष बीत गए, लेकिन सेवा करते-करते इतना आनंद और संतोष मिला कि समय का पता ही नहीं चला। यह सेवा अब हमारी जीवनशैली का अभिन्न अंग बन चुकी है।”
इस दौरान संस्था उपाध्यक्ष देवी प्रसाद सेठ, महामंत्री अभिषेक अग्रहरि, कोषाध्यक्ष बाला जी केशवानी, ट्रस्टी व प्रबंधक चंद्रमा प्रसाद ओझा, डॉ एस एन सिंह कार्यक्रम संयोजक, संदीप सिंह कार्यक्रम कार्यक्रम समन्वयक, कृष्ण कुमार अग्रहरी महामंत्री आयोजन समिति के साथ दर्जनों कार्यकर्तागण उपस्थित रहें।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: भगत सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग
पढ़ते रहिए: कैसे पहुंचे विंध्याचल मंदिर, बस, ट्रेन, टैक्सी अथवा फ्लाइट
