एक सप्ताह पहले बलिया के बेल्थरारोड में सीआरपीएफ के पूर्व जवान की हत्या कर दी गई
युवा तर्क, रसड़ा/बलिया
बलिया जनपद के रसड़ा क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव में बुधवार देर शाम 65 वर्षीय महिला और उसकी 22 वर्षीय दृष्टिबाधित दिव्यांग बेटी की हत्या से सनसनी फैल गई। वृद्ध मां का शव घर के कमरे में मिला, जबकि बेटी का शव गुरुवार सुबह घर के पीछे करीब 25-30 मीटर दूर धान के खेत में पड़ा मिला। दोनों के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किए जाने की आशंका है। घटना के बाद घर में खून के निशान पानी से धोए जाने की बात सामने आने से पुलिस को साक्ष्य मिटाने का भी संदेह है। एक सप्ताह पहले बलिया के बेल्थरारोड क्षेत्र के सोनाडीह गांव में सीआरपीएफ के सेवानिवृत जवान की हत्या और उसके भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।
मृतकों की पहचान मुस्तफाबाद निवासी रामचीज गुप्ता की पत्नी मानती देवी (65) और बेटी गौरी गुप्ता (22) के रूप में हुई है। रामचीज गुप्ता अपनी पत्नी और दिव्यांग बेटी के साथ घर पर रहते थे। बुधवार रात किसी समय मां-बेटी पर हमला किया गया। मानती देवी का शव घर के कमरे में पड़ा मिला, जबकि गौरी का शव घर से कुछ दूरी पर धान के खेत में मिला।
घटना की जानकारी गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गांव के चौकीदार को हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामला दो हत्याओं का होने की जानकारी मिलते ही एसपी ओमवीर सिंह, एएसपी दिनेश कुमार शुक्ल और सीओ रजनीश कुमार समेत कई सर्किल के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम, स्वॉट-सर्विलांस टीम और डॉग स्क्वायड को भी लगाया। टीमों ने घर और खेत में साक्ष्य जुटाने के साथ घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घर में खून के निशान धोने की बात से बढ़ा संदेह:
एसपी ओमवीर सिंह के अनुसार, घटनास्थल की जांच में सामने आया है कि घर में गिरे खून को पानी से धोने का प्रयास किया गया है। इससे साक्ष्य मिटाने की आशंका है। पुलिस रामचीज गुप्ता से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मां और बेटी की हत्या घर में ही की गई। इसके बाद गौरी के शव को घर के पीछे धान के खेत में ले जाकर फेंका गया। हत्या के पीछे क्या वजह रही और वारदात में कौन-कौन शामिल था, इसे लेकर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच से मौत के कारण तथा वारदात के तरीके को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल दोहरे हत्याकांड से गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस की कई टीमें मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हैं।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: जन्मदिन पर छात्रों ने पीएम मोदी को खून से लिखा पत्र
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: दिवंगत जवान के परिवार के साथ खड़ी है सीआरपीएफ, हर पहलू पर रखी जा रही है नजर



