लाखों के गहने भी लूटे, अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था पर उठाया सवाल
युवा तुर्क, अंबेडकरनगर/ लखनऊ
अंबेडकरनगर में आईपीएस आशुतोष मिश्रा की बुजुर्ग मां की निर्मम हत्या का मामला प्रकाश में आया है। अंबेडकरनगर के मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा गांव में बदमाशों ने घर में घुसकर आईपीएस आशुतोष मिश्रा की 95 वर्षीय बुजुर्ग मां इंद्रावती मिश्रा की हत्या कर दी। इस घटना में घर में लाखों के लूट की भी बात सामने आ रही है। इंद्रावती मिश्रा घर पर अकेले रहती थी।
बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी उस समय मिली, जब महिला की देखभाल करने वाली नौकरानी घर पहुंची। इंद्रावती मिश्रा के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था।
हालांकि आईपीएस आशुतोष मिश्रा 15 अगस्स्त को गांव के एक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे, लेकिन शाम को वह लखनऊ लौट गए थे। उनकी मां घर में अकेली रहती थीं।
रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: सहारनपुर में सड़क दुर्घटना में आईटीबीपी के डीआईजी की मौत
IPS आशुतोष मिश्रा वर्तमान में लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में तैनात बताए जा रहे हैं। वह 2016 बैच के IPS अधिकारी हैं और इससे पहले राज्य पुलिस सेवा में भी काम कर चुके हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा है, “अंबेडकरनगर में एक आईपीएस अधिकारी की माता जी की हत्या का दुखद समाचार आया है। उत्तर प्रदेश में पुलिस ही सुरक्षित नहीं है। दुर्भाग्यपूर्ण!”
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: राष्ट्रपति पदक से सम्मानित होंगे एएसपी सुरेश चंद्र रावत



