ताजा ख़बरें, Hindi News, delhi up news , Breaking Hindi News, Hindi Samachar, Latest Hindi News – yuvaaturk.com
उत्तर प्रदेशदेश

तिरंगे की छांव में खिला बेल्थरा रोड, नन्हे कदमों ने दिखाई देशभक्ति की नई तस्वीर

क्षेत्र में सभी प्रमुख संस्थानों में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

युवा तुर्क, बेल्थरारोड, बलिया

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को बेल्थरा रोड में देशभक्ति का उत्सव सिर्फ सरकारी कार्यालयों और संस्थानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नगर की सड़कों से लेकर विद्यालयों तक इसकी सबसे जीवंत तस्वीर बच्चों के उत्साह में दिखाई दी। सुबह हाथों में तिरंगा लेकर विद्यालयों की ओर बढ़ते नन्हे कदम और जगह-जगह गूंजते देशभक्ति गीतों ने पूरे नगर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।

बेल्थरा रोड

स्वतंत्रता दिवस की सुबह नगर की गलियों और मुख्य मार्गों पर अलग ही नजारा देखने को मिला। छोटे-छोटे बच्चे हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए विद्यालयों की ओर जाते नजर आए।

किसी के हाथ में छोटा तिरंगा था तो किसी ने अपने चेहरे पर तिरंगे के रंग सजा रखे थे। बच्चों का उत्साह देखकर राहगीर भी ठहरकर इस दृश्य को निहारते नजर आए।

बेल्थरा रोड

विद्यालयों में ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर चला। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविताओं और नृत्य की प्रस्तुतियों के जरिए स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारियों का संदेश दिया।

सेंट जेवियर्स स्कूल, नवजीवन इंग्लिश स्कूल, न्यू सेंट्रल पब्लिक स्कूल, एमएमडी, परशुराम जानकी सरस्वती शिशु मंदिर और जीएमएएम इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

बेल्थरा रोड

संस्थानों में शान से लहराया तिरंगा:

ग्राम न्यायालय में न्यायाधीश उर्फी आजमी, तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी शरद चौधरी, उभांव थाने में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार पाठक और सीयर पुलिस चौकी में चौकी प्रभारी नीरज यादव ने ध्वजारोहण किया।

सेंट जेवियर्स स्कूल में प्रबंधक डॉ. जेआर मिश्रा, नवजीवन इंग्लिश स्कूल में प्रधानाचार्य ग्रेसी जॉन, न्यू सेंट्रल पब्लिक स्कूल में बीडीओ सूर्य प्रकाश, शैलेश मिश्रा एवं प्रबंधक सतीश दूबे, जीएमएएम इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य मो. मोबीन, यूनाइटेड क्लब में दुर्गा प्रसाद मधु एवं प्रशांत कुमार मंटू तथा परशुराम जानकी सरस्वती शिशु मंदिर में प्रधानाचार्य जयप्रकाश गिरि ने ध्वजारोहण किया। बीबीडी स्मार्ट बाजार में सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण नारायण ने तिरंगा फहराया। पूर्व प्रधान व जिला बनाओ संघर्ष समिति के संयोजक अब्दुल रहमान के नेतृत्व में निकली तिरंगा रैली आकर्षक का केंद्र रही।

उभांव थाने में मार्च पास्ट ने बढ़ाई गरिमा:

उभांव थाना परिसर में स्वतंत्रता दिवस पर पुलिसकर्मियों में विशेष उत्साह नजर आया। ध्वजारोहण के बाद मार्च पास्ट निकालकर राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को बढ़ाया गया। वहीं सीयर पुलिस चौकी परिसर में अपेक्षाकृत कम सजावट और उत्सवी माहौल देखने को मिला।

बच्चों की प्रस्तुतियों ने छोड़ी छाप:

स्वतंत्रता दिवस समारोह का सबसे भावुक पक्ष बच्चों की प्रस्तुतियां रहीं। देशभक्ति गीतों और कविताओं के बीच जब विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया तो पूरा वातावरण तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रमों ने यह भी एहसास कराया कि आजादी का उत्सव केवल एक दिन का पर्व नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को देश के इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और नागरिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का अवसर भी है।

प्रशांत कुमार मंटू, व्यापारी नेता
प्रशांत कुमार मंटू, व्यापारी नेता

शाम तक नगर में स्वतंत्रता दिवस की रौनक बनी रही। सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और सामाजिक संस्थानों पर तिरंगा शान से लहराता रहा। हालांकि पूरे आयोजन में सबसे यादगार तस्वीर उन बच्चों की रही, जिनके हाथों में तिरंगा था और आंखों में देश के भविष्य के सपने। बेल्थरा रोड की इस तस्वीर ने संदेश दिया कि देशभक्ति की सबसे मजबूत नींव नई पीढ़ी के मन में तैयार हो रही है।

पढ़ते रहिए युवा तुर्क: राष्ट्रपति पदक से सम्मानित होंगे एएसपी सुरेश चंद्र रावत

Dr Anil Gangwar
डॉ अनिल गंगवार, गस्ट्रोलॉजिस्ट

Related posts

बैज के साथ मिली जिम्मेदारी, अब स्कूल की कमान संभालेंगे विद्यार्थी

Baliram Singh

दिल्ली के मावलंकर हाल में आयोजित होगा चंद्रशेखर जन्मशती समारोह

Baliram Singh

रायबरेली में स्थापित हो सरदार पटेल की प्रतिमा

Baliram Singh