सुरेश कोल्ड स्टोर के सामने वारदात, ग्राहक ने किए तीन-चार वार; गंभीर घायल दुकानदार जिला अस्पताल रेफर
अनूप सिंह, फतेहपुर, बाराबंकी
फतेहपुर थाना क्षेत्र में गुटखा-मसाला उधार देने से इंकार करना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। सोमवार को सुरेश कोल्ड स्टोर के सामने उधार के सामान को लेकर हुए विवाद में ग्राहक ने परचून दुकानदार पर कथित तौर पर बांका से तीन-चार बार ताबड़तोड़ वार कर दिया। धारदार हथियार के हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिर्जापुर निवासी हरखराम पुत्र लल्लूराम (49) सुरेश कोल्ड स्टोर के सामने परचून की दुकान चलाते हैं। बताया गया कि चक मजहर निवासी रविंद्र कुमार पुत्र दिनेश चंद (27) दुकान पर गुटखा-मसाला उधार मांगने पहुंचा था। दुकानदार ने उधार देने से इंकार किया तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि कहासुनी के दौरान रविंद्र कुमार ने बांका निकालकर हरखराम पर तीन से चार ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और लोगों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल हरखराम को तत्काल सीएचसी फतेहपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार घायल की हालत नाजुक बनी हुई है।
आरोपी हिरासत में, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी रविंद्र कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना की परिस्थितियों और हमले में इस्तेमाल हथियार के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्रार्थना पत्र प्राप्त होने के बाद जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वारदात के बाद दुकानदारों में दहशत
दिनदहाड़े दुकानदार पर धारदार हथियार से हमले की घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में दहशत का माहौल है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि मामूली विवाद को लेकर इस तरह धारदार हथियार से हमला किया जाना चिंता का विषय है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

