एसडीएम कोर्ट के आदेश के बाद भी सचिवों की लॉगिन में अटके हजारों आवेदन
जन्म के 5,474 और मृत्यु के 302 प्रमाणपत्र लंबित
भूपेंद्र कृष्ण, रायबरेली
रायबरेली जिले की ग्राम पंचायतों में जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने में हो रही देरी पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कड़ा रुख अपनाया है। समीक्षा बैठक में बड़ी संख्या में आवेदन लंबित मिलने पर छह ब्लॉकों के सहायक विकास अधिकारी (एडीओ पंचायत) का नवंबर माह का वेतन रोक दिया गया है। संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

मुख्य विकास अधिकारी के मुताबिक, दो साल से अधिक समय से लंबित जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों के निस्तारण के लिए जुलाई, अगस्त और सितंबर में विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान उपजिलाधिकारी न्यायालय से आदेश पारित होने के बावजूद कई आवेदन ग्राम पंचायत सचिवों की लॉगिन में लंबित पाए गए। जिले में जन्म प्रमाणपत्र के 5,474 और मृत्यु प्रमाणपत्र के 302 आवेदन अभी तक जारी नहीं हुए हैं।
समीक्षा में सबसे खराब स्थिति छह ब्लॉकों की सामने आई। इनमें सरेनी में 1,304, लालगंज में 964, बछरावां में 896, खीरों में 640, ऊंचाहार में 374 और सतांव में 311 जन्म प्रमाणपत्र के आवेदन लंबित हैं। शुरुआती समीक्षा में जिले के 18 ब्लॉकों में जन्म प्रमाणपत्र के 4,915 आवेदन लंबित मिले थे, जिनमें से 4,489 आवेदन इन्हीं छह ब्लॉकों में थे।

बताया गया कि सलोन क्षेत्र में जन्म प्रमाणपत्र जारी करने में फर्जीवाड़ा पकड़े जाने के बाद प्रमाणपत्र बनाने की प्रक्रिया में सुस्ती बढ़ी थी। इसके बाद प्रशासन ने लंबित आवेदनों के निस्तारण के लिए अभियान चलाया, लेकिन अपेक्षित प्रगति नहीं हुई।

