शिक्षक व स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने की व्यवस्था
युवा तुर्क, लखनऊ
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 5 स्नातक एवं 6 शिक्षक निर्वाचन में मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदेय स्थल एवं मतदाता सूची में क्रम संख्या की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। यह मतदान 23 अक्टूबर को प्रात: 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदाता मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट https://ceouttarpradesh.nic.in पर जाकर अपने मतदेय स्थल एवं मतदाता सूची में क्रम संख्या की जानकारी घर बैठे प्राप्त कर सकते हैं।
इसके लिए वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ पर प्रदर्शित नए पॉपअप नोटिफिकेशन “सर्च योर पोलिंग स्टेशन बाई नेम फॉर ग्रेजुएट एंड टीचर् कंसचुएंसी ” पर क्लिक करना होगा। इसके बाद संबंधित स्नातक अथवा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र एवं जनपद का चयन कर अपना नाम अथवा संबंधी का नाम या दोनों के नाम की प्रविष्टि करें। या इसके अतिरिक्त मतदाता या संबंधी के नाम का प्रथम/द्वितीय अंकन की प्रविष्टि भी कर सकते हैं तथा उपरोक्त के पश्चात कैप्चा कोड दर्ज करना होगा। इसके बाद संबंधित मतदाता को उसके मतदेय स्थल और मतदाता सूची में क्रम संख्या की जानकारी प्राप्त हो जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान के समय मतदाताओं को अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। यदि कोई मतदाता किसी कारणवश मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करने में असमर्थ रहता है, तो वह आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत कर अपनी पहचान सिद्ध कर सकता है।

वैकल्पिक पहचान पत्र:
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, राज्य अथवा केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों एवं अन्य निजी औद्योगिक संस्थानों द्वारा कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान-पत्र, सांसदों, विधायकों एवं पार्षदों को जारी सरकारी पहचान-पत्र तथा संबंधित शिक्षक अथवा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक की शैक्षणिक संस्था द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय द्वारा जारी डिग्री अथवा डिप्लोमा का मूल प्रमाण-पत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता संबंधी मूल प्रमाण-पत्र तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी यूनिक डिसएबिलिटी आईडी कार्ड भी वैकल्पिक पहचान दस्तावेज के रूप में मान्य होंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान से पूर्व वेबसाइट के माध्यम से अपने मतदेय स्थल एवं मतदाता सूची में क्रम संख्या की जानकारी प्राप्त कर लें और निर्धारित पहचान दस्तावेज के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: आजमगढ़, बलिया की 3-3 सीटों सहित 33 सीटों पर ओमप्रकाश राजभर ने की दावेदारी



