सपा के युवा नेता डॉ.संग्राम यादव हैं तीसरी बार विधायक
युवा तुर्क, आजमगढ़/लखनऊ
आजमगढ़ की अतरौलिया सीट हॉट हो गई है। इस सीट को लेकर भाजपा के दो सहयोगी दल आमने-सामने आ गए हैं। अब सवाल है कि आखिर 2027 के अखाड़े में सपा के युवा नेता डॉ.संग्राम यादव के सामने भाजपा के किस सहयोगी का उम्मीदवार उतारेगा?

दरअसल, अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद तथा सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर आमने-सामने आ गए हैं। दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी से सियासी हलचल तेज हो गई है। इस सीट पर अपनी पैर जमाने के लिए ओमप्रकाश राजभर पिछले कुछ महीनों से लगातार दौरा कर रहे हैं। जबकि 2022 में यहां से निषाद पार्टी का उम्मीदवार चुनाव मैदान में था।
निषाद पार्टी अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए साफ तौर पर कहा कि अतरौलिया विधानसभा सीट निषाद पार्टी की है। यह सीट कल भी निषाद पार्टी की थी और आज भी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को कोई गलतफहमी है तो उसे दूर कर दिया जाएगा।
उधर, ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि उनकी पार्टी अतरौलिा में ढाई साल से मेहनत कर रही है। यहां राजभर और निषाद समाज के वोट लगभग बराबर हैं। चौरीचौरा में भी राजभर समाज के 50 हजार वोट हैं। ऐसे में सुभासपा अपना दावा कैसे छोड़ सकती है?
खैर, जो भी हो। अगले चंद दिनों में तस्वीर साफ हो जाएगी कि अतरौलिया में सपा विधायक डॉ.संग्राम यादव के सामने भाजपा के किस सहयोगी का उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरेगा!

2027 के चुनाव से पहले सहयोगी दलों के बीच सीटों पर दावेदारी का यह मामला एनडीए के भीतर राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई चर्चा छेड़ रहा है। अतरौलिया सीट पर दोनों दलों की दावेदारी आने वाले दिनों में और तेज होने के संकेत दे रही है। चर्चा यह भी है कि यहां से खुद ओमप्रकाश राजभर चुनाव लड़ेंगे।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: कुंडा में दूल्हा-दुल्हन ने लगाया 68500 शिक्षक भर्ती आरक्षण घोटाला का नारा


